UGC NET 2026 पेपर लीक के आरोपों पर गरमाई सियासत, छात्र नेता दीपक धनखड़ के दावे के बाद राहुल गांधी ने उठाए सवाल
रोहतक। यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक के आरोपों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के छात्र नेता दीपक धनखड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित यूजीसी नेट परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होने का आरोप लगाते हुए मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष और डिजिटल फोरेंसिक जांच कराने की मांग की है।
दीपक धनखड़ ने आरोप लगाया कि 29 और 30 जून को आयोजित यूजीसी नेट परीक्षा के कुछ विषयों, विशेषकर सोशियोलॉजी, का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही कुछ लोगों तक पहुंच गया था। उनका दावा है कि कुछ अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले दो अलग-अलग सेटों में प्रश्न पढ़ाए गए थे, जिनमें से एक सेट के लगभग 100 प्रश्न वास्तविक परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से मेल खाते हैं।
उन्होंने मांग की कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर सामने आई कथित प्रश्न सामग्री का एनटीए के मूल प्रश्नपत्र से आधिकारिक मिलान कराया जाए तथा पूरे मामले की स्वतंत्र डिजिटल फोरेंसिक जांच कराई जाए। दीपक धनखड़ ने यह भी दावा किया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक कराने का दावा करने वाले कुछ लोगों से उनका संपर्क हुआ था।
राहुल गांधी ने उठाया मुद्दा
इस मामले ने अब राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यूजीसी नेट परीक्षा में कथित पेपर लीक का मुद्दा उठाया। उन्होंने दावा किया कि सोशियोलॉजी का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले बेचा गया था और अपनी पोस्ट में हरियाणा के एडवोकेट दीपक धनखड़ से जुड़ी एक रिपोर्ट का भी उल्लेख किया।
राहुल गांधी ने कहा कि यदि ये आरोप सही हैं तो यह लाखों विद्यार्थियों की मेहनत और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था पर सीधा आघात है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की, ताकि छात्रों का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास बना रहे।
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए लिखा कि, "सारा देश जानता है कि प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री से किसी भी तरह की जवाबदेही या कार्रवाई की उम्मीद बेकार है। न जांच होगी, न छात्रों को न्याय मिलेगा। बदलाव का एकमात्र औजार हमारी सम्मिलित आवाज है। देश भर के छात्रों की गूंज ही भारत में शिक्षा व्यवस्था में बदलाव लाएगी।"
फिलहाल, यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक के आरोपों पर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर छात्रों और अभ्यर्थियों की नजर अब जांच और एजेंसी के आधिकारिक बयान पर टिकी हुई है।
