Movie prime

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर सियासत तेज, BJP नेता ने किया ‘पाकिस्तानी कनेक्शन’ का दावा, शेयर किया डाटा

 
‘कॉकरोच जनता पार्टी’
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अब राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बनती जा रही है। शुरुआत में मजाक और व्यंग्य के तौर पर बनाई गई इस पार्टी को लेकर अब खुलकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। कोई इसे युवाओं के गुस्से की अभिव्यक्ति बता रहा है, तो कुछ लोग इसे मौजूदा राजनीति के खिलाफ नए विकल्प के रूप में देख रहे हैं।

बीते कुछ दिनों में इस पार्टी की लोकप्रियता सोशल मीडिया पर तेजी से बढ़ी है। इसके इंस्टाग्राम पेज पर महज पांच दिनों के भीतर करीब 15 मिलियन फॉलोअर्स जुड़ गए। समर्थन के मामले में इसने कई बड़े राजनीतिक दलों के सोशल मीडिया पेजों को पीछे छोड़ दिया।

मामला उस समय और चर्चा में आ गया जब पार्टी का एक्स अकाउंट कथित तौर पर ब्लॉक कर दिया गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस और तेज हो गई।

अब इस पूरे विवाद में नया मोड़ तब आया, जब दिल्ली के एक भाजपा नेता ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर पाकिस्तान कनेक्शन होने का दावा किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसे “पाकिस्तान जनता पार्टी” बताते हुए एक कथित इनसाइट डेटा इमेज साझा की।




जारी किए गए पाइचार्ट डेटा में दावा किया गया कि इस पार्टी के सोशल मीडिया फॉलोअर्स में सबसे बड़ी हिस्सेदारी पाकिस्तान से है। पोस्ट के अनुसार, करीब 49 प्रतिशत फॉलोअर्स पाकिस्तान से बताए गए हैं। इसके अलावा अमेरिका और बांग्लादेश से 14-14 प्रतिशत, भारत से 9 प्रतिशत, जबकि ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, सऊदी अरब और यूएई से भी फॉलोअर्स होने का दावा किया गया।

हालांकि, इन आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। सोशल मीडिया पर इस दावे को लेकर यूजर्स अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे राजनीतिक प्रोपेगेंडा बता रहे हैं, तो कुछ इसे गंभीर जांच का विषय मान रहे हैं।

CJI के बयान के बाद शुरू हुआ विवाद

दरअसल, इस पूरी कहानी की शुरुआत 15 मई 2026 को हुई थी। सुप्रीम कोर्ट में एक मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति Surya Kant ने कथित तौर पर बेरोजगार पढ़े-लिखे युवाओं के एक समूह की तुलना ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ से कर दी थी।

बाद में उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनका इशारा केवल फर्जी डिग्री रखने वालों की ओर था, लेकिन तब तक यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो चुका था। इसी के बाद व्यंग्य के रूप में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का आइडिया सामने आया और देखते ही देखते यह सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सोशल मीडिया से निकला यह ट्रेंड आगे केवल इंटरनेट तक सीमित रहता है या फिर राजनीतिक बहस का स्थायी हिस्सा बनता है।