संसद की कार्यवाही फिर शुरू करने की तैयारी, 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक
संसद के मानसून सत्र के बाद एक बार फिर लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने जा रही है। केंद्र की मोदी सरकार ने दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का फैसला किया है। इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर 2026 को होगी। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए दोनों सदनों की बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया है।
ओम बिरला और सीपी राधाकृष्णन से किया अनुरोध
किरेन रीजीजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है। सरकार के प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा की बैठक सोमवार, 30 नवंबर 2026 को होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक बुधवार, 2 दिसंबर को आयोजित की जाएगी।
3 दिसंबर को समाप्त हो सकती है कार्यवाही
संसदीय कार्य मंत्री ने बताया कि दोनों सदनों की बैठक सरकारी कामकाज की जरूरतों को देखते हुए बुलाई जा रही है। उन्होंने संकेत दिया कि लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती है। ऐसे में संसद के भीतर लंबित सरकारी कामकाज को पूरा करने पर सरकार का जोर रहेगा।
13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई थी कार्यवाही
गौरतलब है कि संसद के मानसून सत्र के दौरान 13 अगस्त 2026 को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। इसके बाद अब सरकार ने जरूरी विधायी और सरकारी कामकाज निपटाने के लिए दोनों सदनों की बैठक फिर से बुलाने की पहल की है। इस फैसले के बाद नवंबर के आखिरी और दिसंबर के शुरुआती दिनों में संसद की कार्यवाही एक बार फिर देखने को मिलेगी।
