रांची में अभ्यर्थियों का उग्र प्रदर्शन, कंटीले तार और बैरिकेड तोड़ विधानसभा के करीब पहुंचे छात्र; पुलिस ने किया लाठीचार्ज
रांची। झारखंड में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन सोमवार को 17वें दिन चरम पर पहुंच गया। विधानसभा घेराव के लिए निकले प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिस-प्रशासन की ओर से लगाए गए बैरिकेड और कंटीले तार तोड़कर आगे बढ़ना शुरू कर दिया। देखते ही देखते छात्रों का सैलाब झारखंड विधानसभा भवन के बेहद करीब पहुंच गया।
प्रदर्शनकारी छात्र हाथों में तिरंगा, तख्तियां और बैनर लेकर सरकार और परीक्षा एजेंसियों के खिलाफ लगातार नारेबाजी कर रहे थे। छात्रों को रोकने के लिए प्रशासन ने कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने एक के बाद एक बाधाओं को पार कर लिया।
पुलिस ने किया वाटर कैनन का इस्तेमाल
छात्रों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। वाटर कैनन की कार्रवाई के बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। इस दौरान एक छात्र पुलिस बैरिकेडिंग पर चढ़कर डांस करता नजर आया, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
अंतिम बैरिकेड टूटने पर लाठीचार्ज
प्रदर्शनकारी जब अंतिम बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा के और करीब पहुंच गए, तो पुलिस-प्रशासन ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने की कोशिश की।
बाबूलाल मरांडी समेत कई बीजेपी नेता हिरासत में
विधानसभा घेराव के दौरान बीजेपी के कई नेता भी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बाबूलाल मरांडी समेत कई बीजेपी नेताओं को हिरासत में लिया। आंदोलन के चलते विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
छात्रों का कहना है कि उनकी मांगों को लेकर सरकार और संबंधित परीक्षा एजेंसियों से ठोस कार्रवाई की जरूरत है। वहीं, प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल विधानसभा के आसपास तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
