जंतर-मंतर पर फिर जुटे प्रदर्शनकारी, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन एक बार फिर शुरू हो गया है। संसद मार्च के बाद सोमवार शाम करीब 5 बजे दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से जंतर-मंतर खाली करा दिया था। हालांकि, कुछ ही घंटों बाद प्रदर्शनकारी दोबारा लौट आए और देर रात तक आंदोलन जारी रखा।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अभिजीत दीपके अपने समर्थकों के साथ सोमवार रात फिर जंतर-मंतर पहुंचे। रात करीब 11 बजे तक बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इंडिया टुडे से बातचीत में अभिजीत दीपके ने कहा कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते। उन्होंने यह भी कहा कि मंगलवार को एक बार फिर संसद मार्च किया जाएगा और प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर से नहीं हटेंगे।
CJP समर्थक धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत अपनी तीन प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इससे पहले सोमवार को दीपके और उनके समर्थकों ने संसद की ओर मार्च किया था।
बताया जा रहा है कि पिछले 14 वर्षों में पहली बार प्रदर्शनकारियों की इतनी बड़ी भीड़ संसद के प्रवेश द्वार तक पहुंची। इससे पहले वर्ष 2012 में निर्भया कांड के विरोध के दौरान इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन देखने को मिला था।
