राघव चड्ढा का AAP पर पलटवार: ‘स्क्रिप्टेड कैम्पेन’ का लगाया आरोप, बोले- ‘घायल हूं इसलिए घातक हूं’
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पार्टी के नेताओं द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर शनिवार को तीखा जवाब दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी कर इन आरोपों को “स्क्रिप्टेड कैम्पेन” करार दिया और कहा कि उनके खिलाफ सुनियोजित तरीके से माहौल बनाया जा रहा है।
राघव चड्ढा ने कहा, “शुक्रवार से मेरे खिलाफ एक स्क्रिप्टेड अभियान चलाया जा रहा है। पहले मैंने सोचा कि जवाब न दूं, लेकिन जब एक झूठ बार-बार बोला जाता है तो लोग उसे सच मानने लगते हैं, इसलिए जवाब देना जरूरी है।”
पहला आरोप: विपक्ष का साथ नहीं देते
उन्होंने कहा कि उन पर आरोप लगाया गया कि विपक्ष के वॉकआउट में वह शामिल नहीं होते। इस पर उन्होंने इसे “सफेद झूठ” बताते हुए कहा कि संसद के CCTV फुटेज देखकर सच्चाई सामने आ सकती है।
दूसरा आरोप: CEC हटाने के मोशन पर साइन नहीं
दूसरे आरोप में कहा गया कि उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के प्रस्ताव पर हस्ताक्षर नहीं किए। इस पर चड्ढा ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कभी कोई औपचारिक या अनौपचारिक जानकारी ही नहीं दी गई। साथ ही उन्होंने दावा किया कि पार्टी के कई अन्य नेताओं ने भी इस पर हस्ताक्षर नहीं किए।
तीसरा आरोप: डर गए हैं राघव
तीसरे आरोप पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा, “मैं संसद में शोर मचाने नहीं, जनता के मुद्दे उठाने आया हूं। बेरोजगारी, महंगाई और टैक्सपेयर्स के मुद्दे लगातार उठाता रहा हूं।”
वीडियो के अंत में उन्होंने कहा, “समय आने पर हर आरोप का जवाब दूंगा। घायल हूं इसलिए घातक हूं।”
AAP नेताओं ने साधा था निशाना
दरअसल, हाल ही में AAP के कई नेताओं—संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज और आतिशी मारलेना—ने राघव चड्ढा पर सवाल उठाए थे।
पार्टी नेताओं ने उन्हें राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटाए जाने के बाद बीजेपी के प्रति नरम रुख अपनाने और दबाव में आने के आरोप लगाए थे।
वहीं, AAP के मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी चड्ढा की निष्ठा पर सवाल उठाते हुए उनकी भूमिका पर गंभीर टिप्पणी की थी।
इस पूरे घटनाक्रम से पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं, जिससे आने वाले समय में AAP की आंतरिक राजनीति और भी गरमा सकती है।
