राघव चड्ढा का AAP पर हमला: बोले—ईमानदार लोग छोड़ रहे पार्टी, गलत रास्ते पर चल रही है आप
नई दिल्ली I राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़ने के बाद पार्टी नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सच्चे देशभक्त और ईमानदार लोग अब पार्टी से दूरी बना रहे हैं क्योंकि पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से भटक चुकी है।
चड्ढा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी अब “भ्रष्ट और समझौतावादी हाथों” में चली गई है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने खून-पसीना बहाकर पार्टी को खड़ा किया, वही आज निराश होकर इसे छोड़ रहे हैं। उनके मुताबिक, पार्टी में अब ईमानदारी से काम करने वालों के लिए कोई जगह नहीं बची है।
संविधान का हवाला देते हुए चड्ढा ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान में सांसदों को यह अधिकार दिया गया है कि वे पार्टी के गलत रास्ते पर जाने पर उसे छोड़ सकते हैं। उन्होंने बताया कि एक साथ सात सांसद AAP से इस्तीफा दे रहे हैं और यह फैसला किसी डर के कारण नहीं बल्कि गहरी निराशा और घृणा के चलते लिया गया है।
इस दौरान चड्ढा ने “शीश महल पार्ट टू” का भी जिक्र किया और कहा कि इसकी तस्वीरें सामने आई हैं, जिसने पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली चुनाव में पार्टी की हार का एक बड़ा कारण यही मुद्दा रहा।
अंत में उन्होंने पार्टी नेतृत्व को आत्ममंथन की सलाह देते हुए कहा कि अगर हालात नहीं बदले, तो आने वाले समय में और भी नेता पार्टी छोड़ सकते हैं।
