झारखंड में छात्रों पर लाठीचार्ज को राहुल गांधी ने बताया गलत, बोले- 'हिंसा के खिलाफ हैं, सरकार छात्रों की बात सुने'...
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों पर लाठीचार्ज को गलत बताते हुए झारखंड सरकार से उनकी बात सुनने और बातचीत के जरिए समस्या का समाधान करने की अपील की है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि झारखंड में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल का इस्तेमाल उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्रों को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का अधिकार है और बातचीत के जरिए ही किसी समस्या का समाधान निकाला जा सकता है।
उन्होंने कहा, "झारखंड सरकार को इन छात्रों की बात सुननी चाहिए और हर समस्या का तुरंत समाधान करना चाहिए।"
'शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर हिंसा के खिलाफ हैं'
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा कि झारखंड के छात्रों के लिए कांग्रेस का संदेश स्पष्ट है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ हिंसा का इस्तेमाल किए जाने का उनकी पार्टी विरोध करती है।
उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं को सुनना और उनसे संवाद करना सरकार की जिम्मेदारी है।
अमित शाह से भी मांगा जवाब
राहुल गांधी ने इसी दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि युवाओं पर कार्रवाई की अनुमति किसने दी थी और क्या अमित शाह ने इसके आदेश दिए थे।
राहुल गांधी ने कहा कि गृह मंत्री को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि लाठीचार्ज के आदेश उन्होंने दिए थे या नहीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई दिनों तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह संसद में आने से बचते रहे।
रांची में क्या हुआ था?
प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र रांची में प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारी राज्य विधानसभा की ओर बढ़े और इस दौरान कई बैरिकेड्स तोड़ दिए गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारों, आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया।
झारखंड में कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM), वाम दलों और आरजेडी का गठबंधन सत्ता में है। ऐसे में राज्य में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्षी भाजपा कांग्रेस से सवाल पूछ रही थी। अब राहुल गांधी के बयान के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस और तेज होने के आसार हैं।
