दिल्ली में राहुल गांधी की महारैली आज, 10 लाख लोगों को बुलावा, खुली बसों में रामलीला मैदान पहुंचेंगे विपक्षी नेता
राहुल गांधी रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDI गठबंधन के नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मार्च करेंगे। कांग्रेस ने 10 लाख लोगों को बुलाया है। सुरक्षा के लिए 3,500 पुलिसकर्मी, पैरामिलिट्री की 10 कंपनियां और 200 CCTV कैमरे तैनात किए गए हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी दलों के नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मार्च करेंगे। कांग्रेस ने इस कार्यक्रम के लिए 10 लाख लोगों को जुटाने का आह्वान किया है। मार्च में शामिल होने वाले नेताओं का जमावड़ा दो अलग-अलग स्थानों से होगा। वहीं, रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। रामलीला मैदान को 14 जोन में बांटा गया है और 3,500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
मार्च से पहले खरगे के आवास पर हुई मॉक संसद
दिल्ली मार्च से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर INDI गठबंधन के नेताओं की मॉक संसद आयोजित की गई। इसमें 19 विपक्षी दलों के 215 सांसद शामिल हुए। बैठक में राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सवाल उठाए।
विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान 13 करोड़ से ज्यादा वोट काटे गए हैं। मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि नागरिकों के वोट देने का अधिकार गंभीर खतरे में है और मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाया जाना चाहिए।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। इस मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी जारी है।
दो जगहों से जुटेंगे कांग्रेस और INDI गठबंधन के नेता
राहुल गांधी के मार्च में शामिल होने के लिए कांग्रेस और INDI गठबंधन के नेताओं का जमावड़ा दो स्थानों पर होगा। पहला जमावड़ा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के 10 राजाजी मार्ग स्थित आवास पर होगा, जबकि दूसरा कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में जुटेगा।
दूसरे राज्यों से आने वाले कांग्रेस के कुछ नेताओं को खरगे के आवास पर ही एकत्र किया जाएगा। वहीं, गठबंधन के नेताओं का दूसरा जत्था कॉन्स्टीट्यूशन क्लब से मार्च में शामिल होगा। इसकी व्यवस्था राहुल गांधी की टीम की ओर से तैयार की गई है।
खुली बसों में सवार होकर मिंटो रोड पहुंचेंगे विपक्षी नेता
मार्च के लिए कांग्रेस ने राजस्थान के रणथंभौर में जंगल सफारी के दौरान इस्तेमाल होने वाली खुली बसों की व्यवस्था की है। इन बसों में सवार होकर विपक्षी नेता मिंटो रोड पहुंचेंगे। बसों पर बैनर और पोस्टर लगाने का काम भी किया जा रहा है।
हर बस में करीब 20 सीटें होंगी। योजना के मुताबिक, आगे की सीटों पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बैठेंगे, जबकि उनके पीछे कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता सवार होंगे।
कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च करेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सीधे रामलीला मैदान पहुंचने का आह्वान किया है। पार्टी की ओर से हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है।
राहुल गांधी ने मार्च की व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर रोडमैप भी साझा किया है। मिंटो रोड से रामलीला मैदान की दूरी करीब एक किलोमीटर है। यहां से राहुल गांधी सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च करते हुए रामलीला मैदान पहुंचेंगे।
सुरक्षा के लिए रामलीला मैदान 14 जोन में बांटा गया
कांग्रेस के कार्यक्रम को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस ने पूरे मैदान को 14 जोन में बांटा है। हर जोन की जिम्मेदारी एसीपी रैंक के अधिकारी को सौंपी गई है, जबकि प्रत्येक दो जोन पर एक डीसीपी की तैनाती की गई है।
रैली के दौरान दिल्ली पुलिस के करीब 3,500 जवान सुरक्षा में तैनात रहेंगे। मैदान और आसपास के इलाकों पर नजर रखने के लिए 200 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। एंट्री, एग्जिट और ट्रैफिक डायवर्जन वाले स्थानों पर भी कैमरों से निगरानी की जाएगी।
रामलीला मैदान में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां से पुलिस को मैदान के अलग-अलग हिस्सों की गतिविधियों की जानकारी मिलेगी और जरूरत के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
उपद्रव की आशंका को देखते हुए पैरामिलिट्री फोर्स भी तैनात
रैली के दौरान किसी तरह के हंगामे या पुलिस के साथ टकराव की स्थिति से निपटने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में पैरामिलिट्री फोर्स की 10 कंपनियां तैनात रहेंगी।
मैदान में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों और पैरामिलिट्री जवानों को बॉडी कैमरे दिए गए हैं। पुलिस की गाड़ियों और वैन पर भी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा खुफिया पुलिस के जवान सादे कपड़ों में भीड़ के बीच तैनात रहेंगे।
प्रियंका गांधी ने देर रात पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा
रैली की तैयारियों के बीच प्रियंका गांधी देर रात रामलीला मैदान पहुंचीं। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए तैयारियां की जा रही हैं। दिल्ली पुलिस भी रैली के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलर्ट है।
