Movie prime

NEET मामले पर राहुल गांधी का बड़ा बयान, PM से की धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग

 
Rahul Gandhi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने NEET-UG परीक्षा विवाद को लेकर प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा कि NEET परीक्षा में 22 लाख छात्रों के साथ धोखा हुआ है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “NEET के 22 लाख बच्चों के साथ धोखा हुआ है, लेकिन मोदी जी एक शब्द भी नहीं बोल रहे। धर्मेंद्र प्रधान जी को तुरंत हटाइए, या फिर इसकी जिम्मेदारी खुद लीजिए।” उन्होंने अंग्रेजी में भी पोस्ट करते हुए लिखा, “Modi ji, SACK Dharmendra Pradhan ji NOW.”

छात्रों की आत्महत्या का मुद्दा उठाया

इससे पहले शुक्रवार को भी राहुल गांधी ने परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों की कथित आत्महत्या का मुद्दा उठाते हुए सरकार को घेरा था। उन्होंने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के 21 वर्षीय ऋतिक मिश्रा और गोवा के एक छात्र का जिक्र करते हुए कहा कि परीक्षा रद्द होने से छात्र मानसिक रूप से टूट गए।

राहुल गांधी ने कहा, ये बच्चे परीक्षा से नहीं हारे, बल्कि एक भ्रष्ट व्यवस्था ने उन्हें मार दिया। यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सिस्टम द्वारा की गई हत्या है।

परीक्षा घोटालों के आंकड़े गिनाए

कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि साल 2015 से 2026 के बीच देश में 148 परीक्षा घोटाले सामने आए, 87 परीक्षाएं रद्द हुईं और करीब 9 करोड़ छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि इतने बड़े मामलों के बावजूद अब तक सिर्फ एक मामले में सजा हो सकी है।

राहुल गांधी के मुताबिक, सीबीआई ने 17 मामलों और ईडी ने 11 मामलों की जांच की, लेकिन किसी भी बड़े आरोपी को सजा नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा घोटालों में शामिल अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती।

“चोरी कराने वालों को इनाम मिलता है”

राहुल गांधी ने कहा, “जो लोग परीक्षा घोटाले कराते हैं, उन्हें संरक्षण मिलता है। अगर किसी अधिकारी को हटाया भी जाता है तो बाद में उसे किसी बड़े पद पर बैठा दिया जाता है। चोरी कराने वालों को इनाम मिलता है और मेहनत करने वाले बच्चे अपनी जान गंवाते हैं।”

21 जून को दोबारा होगी परीक्षा

गौरतलब है कि National Testing Agency ने कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद NEET-UG 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया है। अब यह परीक्षा 21 जून 2026 को दोबारा आयोजित की जाएगी। परीक्षा पहले 3 मई को हुई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद इसे निरस्त कर दिया गया।