बांकीपुर-दतिया नतीजों पर राहुल गांधी का आया रिएक्शन, बोले- जॉब नहीं मिलेगा तो सिंहासन हिलेगा...
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी को लेकर केंद्र सरकार पर एक बार फिर निशाना साधा है। बिहार के बांकीपुर और मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बीच राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "जॉब नहीं मिलेगा तो सिंहासन हिलेगा।"
राहुल गांधी ने कहा कि कोटा और देहरादून के बाद कांग्रेस का 'छात्रों की गूंज' अभियान अब 8 अगस्त को प्रयागराज पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि प्रयागराज ऐसा शहर है, जहां लाखों युवा वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, आवेदन भरते हैं, फीस जमा करते हैं और भर्ती का इंतजार करते रहते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक ने छात्रों का वर्तमान छीन लिया है, जबकि भर्तियों में देरी ने उनके भविष्य को प्रभावित किया है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि हाल ही में दिल्ली में अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट चलाए गए, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
अपने पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा, "हम उनकी आवाज उठाते रहेंगे और उन्हें इंसाफ दिलाकर रहेंगे। अब बहाने नहीं चलेंगे। जवाबदेही लीजिए या कुर्सी छोड़िए। 8 अगस्त को प्रयागराज में मिलते हैं।"
'छात्रों की गूंज' अभियान क्या है?
कांग्रेस देशभर में 'छात्रों की गूंज' नाम से अभियान चला रही है। यह 40 दिनों का कार्यक्रम है, जिसके तहत 28 प्रमुख शहरों में छात्र, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी और युवा समूहों से संवाद किया जाएगा। अभियान का मुख्य फोकस पेपर लीक, भर्ती में देरी और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) के कामकाज से जुड़े मुद्दे हैं।
उपचुनाव नतीजों के बाद तेज हुई सियासत
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा को 18,953 मतों से हराया। वहीं, मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों के अंतर से पराजित किया। इन नतीजों के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और विपक्ष इन्हें सरकार के खिलाफ जनमत का संकेत बता रहा है।
