राजस्थान सरकार की बड़ी योजना लॉन्च, बिना ब्याज मिलेगा 10 लाख तक लोन!
Jaipur : युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राजस्थान सरकार ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना 2026 की शुरुआत की है। इस योजना के तहत राज्य के 30 हजार युवाओं को बिना ब्याज के लोन देकर उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर दिया जाएगा।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा संचालित इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें दिए जाने वाले लोन पर पूरा ब्याज सरकार वहन करेगी। योजना जनवरी 2026 से लागू हो चुकी है और 3 मार्च 2029 तक प्रभावी रहेगी। सरकार का लक्ष्य आने वाले वर्षों में करीब 1 लाख युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है।
योजना के तहत अधिकतम 10 लाख रुपये तक का लोन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही लाभार्थियों को बीमा कवर और बैंक गारंटी जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। शैक्षणिक योग्यता के आधार पर 8वीं से 12वीं पास युवाओं को 3.5 लाख से 7.5 लाख रुपये तक, जबकि ग्रेजुएट या डिप्लोमा धारकों को 5 लाख से 10 लाख रुपये तक का लोन दिया जाएगा।
इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का राजस्थान का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। आयु सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास रखी गई है। साथ ही आवेदक बैंक डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए। व्यक्तिगत और संस्थागत दोनों तरह के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। यह लोन मैन्युफैक्चरिंग, सर्विस और ट्रेड सेक्टर के अंतर्गत व्यवसाय शुरू करने के लिए दिया जाएगा, जिससे युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल सकें।
इच्छुक अभ्यर्थी Rajasthan SSO Portal के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड, जन आधार, बैंक पासबुक, निवास प्रमाण पत्र, प्रोजेक्ट रिपोर्ट और शैक्षणिक प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज आवश्यक होंगे।
सरकार का मानना है कि यह योजना राज्य के युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
