राजस्थान पुलिस के IG किशन सहाय पर दुष्कर्म का आरोप, शादी का झांसा देकर बुलाने का दावा
नई दिल्ली: राजस्थान पुलिस के आईजी (ह्यूमन राइट्स) किशन सहाय पर 53 वर्षीय महिला ने रेप और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने यह भी दावा किया है कि आरोपी अधिकारी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने डाक के माध्यम से पुलिस को शिकायत भेजकर मामला दर्ज कराया, जिसके आधार पर मालवीय नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
महिला का आरोप है कि आईजी ने उसे शादी का झांसा देकर अपने सरकारी आवास पर बुलाया, जहां उसके साथ जबरदस्ती की गई। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और किसी से शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
आईजी स्तर के वरिष्ठ अधिकारी पर इस तरह के आरोप लगने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
