राज्यसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 18 जून को 10 राज्यों की 24 सीटों पर मतदान
नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। आयोग के अनुसार 10 राज्यों की 24 खाली सीटों पर 18 जून को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।
जारी कार्यक्रम के मुताबिक, 1 जून को चुनाव अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके बाद 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 11 जून तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 18 जून को मतदान कराया जाएगा।
किन राज्यों में होंगे चुनाव
चुनाव आयोग के अनुसार आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में 4-4 सीटों पर चुनाव होगा। मध्य प्रदेश और राजस्थान में 3-3 सीटें, झारखंड में 2 सीटें, जबकि मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में 1-1 सीट के लिए मतदान कराया जाएगा।
दो राज्यों में उपचुनाव भी
आयोग ने महाराष्ट्र और तमिलनाडु में राज्यसभा की दो सीटों पर उपचुनाव की भी घोषणा की है। ये सीटें क्रमशः सुनेत्रा पवार और AIADMK नेता सी. वे. षणमुगम के इस्तीफे के बाद खाली हुई हैं।
कई दिग्गजों का कार्यकाल समाप्त
इस बार राज्यसभा के 24 सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, जिनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कूरियन और रवनीत सिंह बिट्टू जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।
