रवि किशन बोले- ई Gen Z हमरा के पगला दिहेल बाड़न, हमरा...
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद और भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार रवि किशन इन दिनों सोशल मीडिया पर ‘Gen Z’ के बीच खासे लोकप्रिय हो रहे हैं। उनके शिव भजन ‘कोटेश्वराय शिव कोटेश्वराय’ को युवाओं ने सोशल मीडिया पर जमकर वायरल कर दिया है। भजन के अलग-अलग वीडियो, मीम्स और रीक्रिएशन लगातार सामने आ रहे हैं। युवाओं के इस प्यार से रवि किशन भी बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं।
संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान रवि किशन ने Gen Z की क्रिएटिविटी और उनके प्यार की जमकर तारीफ की। भोजपुरी अंदाज में उन्होंने कहा, “ई Gen Z हमरा के पगला दिहेल बाड़न। हमरा बुद्धिया बंद कई देहना। बुद्धिया नाहीं चलता।” यानी Gen Z ने उन्हें इतना प्यार दिया है कि उनकी बुद्धि ने काम करना ही बंद कर दिया है।
शिव भजन ने सोशल मीडिया पर मचाई धूम
दरअसल, सावन के दौरान एक कार्यक्रम में रवि किशन ने लाइव ‘कोटेश्वराय शिव कोटेश्वराय’ भजन प्रस्तुत किया था। इसके बाद युवाओं ने उनके भजन को सोशल मीडिया पर हाथों-हाथ लिया। इंस्टाग्राम समेत अन्य प्लेटफॉर्म पर इस भजन के कई तरह के रीक्रिएटेड वीडियो और मीम्स वायरल होने लगे।
रवि किशन ने कहा कि उन्हें Gen Z की क्रिएटिविटी काफी पसंद आ रही है। युवा उनके शिव भजन को अलग-अलग अंदाज में पेश कर रहे हैं और शिव आराधना से जोड़कर नए वीडियो बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह देखकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है।
‘इतना प्यार ऐतिहासिक है’
रवि किशन ने Gen Z से मिले प्यार को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि शायद इंस्टाग्राम के इतिहास में ऐसा प्यार उन्हें पहले कभी नहीं मिला। उन्होंने कहा कि जब Gen Z किसी को प्यार देने पर आती है तो दिल खोलकर प्यार देती है।
सांसद ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक उन्हें ‘लॉर्ड रवि’, ‘गॉड रवि’ और ‘आज के ओशो’ जैसे नाम दे रहे हैं। रवि किशन के मुताबिक, Gen Z ने उन्हें एक नई पहचान दी है और उस समय अपनाया, जब उन्हें लगता था कि लोग उन्हें उस नजरिए से नहीं देख रहे थे।
उन्होंने कहा कि इससे पहले किसी ने उन्हें इस तरह नहीं खोजा था, लेकिन अब युवा उनके बारे में जानना और उन्हें देखना चाहते हैं। रवि किशन ने Gen Z का आभार जताते हुए कहा कि इस पीढ़ी ने उन्हें अपना मान लिया है और वह उनकी क्रिएटिविटी को सलाम करते हैं।
