Movie prime

बिहार में 32,388 शिक्षक पदों पर होगी भर्ती, CM सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान
 

 
बिहार में 32,388 शिक्षक पदों पर होगी भर्ती, CM सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

पटना: बिहार में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) की प्रक्रिया अब आधिकारिक तौर पर आगे बढ़ गई है। शिक्षा विभाग ने राज्य में 32,388 शिक्षकों के पदों पर भर्ती के लिए अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी है। इसके साथ ही अब अभ्यर्थियों की निगाहें आयोग द्वारा जारी किए जाने वाले भर्ती विज्ञापन और आवेदन कार्यक्रम पर टिकी हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा करते हुए इसे बिहार के युवाओं के लिए एक और ऐतिहासिक सौगात बताया। उन्होंने कहा कि यह भर्ती अभियान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को रोजगार और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, TRE-4 के तहत प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक कुल 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इनमें सबसे अधिक 16,101 पद कक्षा 11 और 12 के लिए निर्धारित किए गए हैं।

TRE-4 में पदों का विवरण

कक्षा 1 से 5: 3,847 पद
कक्षा 6 से 8: 8,563 पद
कक्षा 9 से 10: 3,877 पद
कक्षा 11 से 12: 16,101 पद

कुल पद: 32,388

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और बिहार की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

अब शिक्षा विभाग की ओर से अधियाचना BPSC को भेजे जाने के बाद उम्मीद की जा रही है कि आयोग जल्द ही TRE-4 भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन, आवेदन तिथि और परीक्षा कार्यक्रम जारी करेगा। लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए यह एक बड़ी राहत की खबर मानी जा रही है।