Movie prime

संजय कपूर की 30,000 करोड़ के ट्रस्ट पर किसका हक? 15 दौर की बातचीत के बाद भी नहीं निकला हल, सुप्रीम कोर्ट में अब होगी सुनवाई

संजय कपूर के करीब 30,000 करोड़ रुपये के RK Family Trust विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने डीवाई चंद्रचूड़ की मध्यस्थता समाप्त कर दी। रानी कपूर और प्रिया सचदेव कपूर के बीच करीब 15 दौर की बातचीत के बाद भी समझौता नहीं हुआ। अब मामले में आगे सुनवाई होगी।

 
संजय कपूर
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की करीब 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति से जुड़े विवाद में परिवार के बीच समझौते की कोशिशें नाकाम हो गई हैं। सुप्रीम कोर्ट ने संजय कपूर की मां रानी कपूर और उनकी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर के बीच पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अगुवाई में चल रही मध्यस्थता प्रक्रिया को समाप्त कर दिया है। करीब 15 दौर की बातचीत के बाद भी दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। अब अदालत मामले में आगे सुनवाई करेगी।

क्या है RK Family Trust को लेकर विवाद?

RK Family Trust को लेकर रानी कपूर ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर ट्रस्ट की वैधता को चुनौती दी है। उनका आरोप है कि उनके पति और सोना ग्रुप के संस्थापक सुरिंदर कपूर से विरासत में मिली संपत्तियों को उनकी सहमति के बिना ट्रस्ट में स्थानांतरित किया गया। रानी कपूर ने इस ट्रस्ट को अमान्य घोषित करने की मांग की है।

इस विवाद को लेकर रानी कपूर ने सुप्रीम कोर्ट का भी रुख किया था। उन्होंने ट्रस्ट की संपत्तियों के हस्तांतरण पर रोक लगाने और प्रिया सचदेव कपूर सहित अन्य पक्षों को ट्रस्ट के मामलों में हस्तक्षेप करने से रोकने की मांग की थी।

6,000 करोड़ रुपये का दावा, संपत्ति हिस्सेदारी को लेकर अलग-अलग दलीलें

26 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान रानी कपूर की ओर से पेश वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ दवे ने बताया कि उनकी मुवक्किल विवाद के निपटारे के लिए 6,000 करोड़ रुपये की मांग कर रही हैं।

वहीं, प्रिया कपूर की ओर से पेश वकीलों ने RK Family Trust की संपत्तियों का मूल्य करीब 30,000 करोड़ रुपये बताया। प्रिया कपूर के वकील मुकुल रोहतगी ने रानी कपूर के संपत्ति संबंधी दावे पर आपत्ति जताई। उनके पक्ष की ओर से वरिष्ठ वकील अभिमन्यु भंडारी ने दलील दी कि प्रिया कपूर ट्रस्ट की 60 फीसदी संपत्ति की हकदार हैं, जबकि बाकी 40 फीसदी हिस्सा संजय कपूर के बच्चों में बांटा जाना चाहिए।

संजय कपूर के अभिनेत्री करिश्मा कपूर से विवाह के दौरान हुए बच्चों की ओर से पेश वरिष्ठ वकील महेश जेठमलानी ने कहा कि बच्चों का ट्रस्ट की संपत्तियों में कुल 24 से 26 फीसदी हिस्सेदारी का अधिकार है।

डीवाई चंद्रचूड़ की मध्यस्थता में 15 दौर की बातचीत

सुप्रीम कोर्ट ने 27 अप्रैल को रानी कपूर की याचिका पर सुनवाई के दौरान विवाद को मध्यस्थता के जरिए सुलझाने का सुझाव दिया था। इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से 7 मई को पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ को मध्यस्थ नियुक्त किया गया।

6 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने मध्यस्थता के छह दौर पूरे होने के बाद चंद्रचूड़ की प्रारंभिक रिपोर्ट पर संज्ञान लिया था और बातचीत जारी रखने की अनुमति दी थी। उस समय अदालत को उम्मीद थी कि दोनों पक्ष समझौते तक पहुंच सकते हैं।

हालांकि, करीब 15 दौर की बातचीत के बाद भी कोई समाधान नहीं निकल सका। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की पीठ ने मध्यस्थता प्रक्रिया समाप्त कर दी। पीठ ने कहा कि समझौता किसी पर थोपा नहीं जा सकता। अदालत ने मामले में आगे सुनवाई के संकेत दिए और दिल्ली हाईकोर्ट को लंबित आवेदन पर निश्चित समयसीमा में निर्णय लेने का निर्देश देने की बात कही।

संजय कपूर का निधन 12 जून 2025 को हुआ था। उनके निधन के बाद उनकी संपत्ति और RK Family Trust को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच कानूनी विवाद चल रहा है।