सम्राट चौधरी बनेंगे बिहार के नए मुख्यमंत्री, भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए
पटना: बिहार की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव की घड़ी आ गई है। भाजपा के विधायक दल ने सम्राट चौधरी को अपना नेता चुना है और वे बिहार के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। दो बार उपमुख्यमंत्री रह चुके सम्राट चौधरी अब मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। हालांकि अभी तक उनका नाम आधिकारिक रूप से घोषित नहीं हुआ है, लेकिन भाजपा के विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार सम्राट चौधरी ही नई सरकार की कमान संभालेंगे।
भाजपा कार्यालय में सम्राट चौधरी का भव्य स्वागत किया गया। नीतीश कुमार भी सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाना चाहते थे। सूत्रों का कहना है कि भाजपा आलाकमान ने नीतीश कुमार की सलाह पर ही उनके नाम पर मुहर लगाई।
सम्राट चौधरी राजद से जदयू होते हुए भाजपा पहुंचे हैं। भाजपा बिहार में पहली बार अपना मुख्यमंत्री दे रही है। वीर चंद्र पटेल मार्ग स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी के विधायक दल की बैठक में सभी वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता सर्वसम्मति से चुन लिया गया।
अब सम्राट चौधरी कुछ देर में लोकभवन जाकर नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। माना जा रहा है कि कल यानी 15 अप्रैल 2026 को पटना के लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
यह बदलाव बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बाद एनडीए की बड़ी जीत के परिप्रेक्ष्य में आया है, जिसमें भाजपा और जदयू ने मिलकर प्रचंड बहुमत हासिल किया। नीतीश कुमार ने आज कैबिनेट बैठक के बाद अपना इस्तीफा सौंप दिया, जिसके बाद नई सरकार का रास्ता साफ हो गया।
