महाराष्ट्र निकाय चुनाव नतीजों के बाद संजय राउत का हमला, एकनाथ शिंदे को बताया ‘जयचंद’
मुंबई। महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना गठबंधन को बड़ी जीत मिली है, जबकि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) को करारी हार का सामना करना पड़ा है। नतीजों के सामने आते ही शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता संजय राउत का दर्द छलक उठा और उन्होंने एकनाथ शिंदे पर तीखा हमला बोला।
चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर एकनाथ शिंदे को ‘जयचंद’ करार दिया। उन्होंने लिखा कि अगर एकनाथ शिंदे ने शिवसेना से गद्दारी नहीं की होती तो मुंबई में कभी बीजेपी का मेयर नहीं बनता। राउत ने यह भी कहा कि मराठी जनता शिंदे को जयचंद के रूप में याद रखेगी।
जयचंद से की शिंदे की तुलना
संजय राउत ने एकनाथ शिंदे पर पार्टी के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाते हुए उनकी तुलना ऐतिहासिक पात्र जयचंद से की, जिसे इतिहास में विश्वासघात के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि शिवसेना का 1997 से 2022 तक बीएमसी पर लगातार कब्जा रहा, लेकिन आंतरिक टूट के कारण 25 साल बाद सत्ता हाथ से निकल गई।
बीएमसी में बीजेपी-शिंदे गठबंधन की जीत
शुक्रवार को घोषित बीएमसी चुनाव नतीजों के अनुसार, बीजेपी ने 89 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना को 29 सीटें मिलीं। इस तरह गठबंधन ने कुल 227 सीटों में से 118 सीटें जीतकर मेयर पद पर कब्जा कर लिया। वहीं, ठाकरे गुट और सहयोगियों को 72 सीटों से संतोष करना पड़ा।
गौरतलब है कि 2022 में एकनाथ शिंदे ने 39 विधायकों के साथ उद्धव ठाकरे के नेतृत्व के खिलाफ बगावत कर शिवसेना की सरकार गिरा दी थी। तभी से शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत लगातार शिंदे पर हमलावर रहे हैं और उन पर पार्टी तोड़ने का आरोप लगाते रहे हैं।
