सत्य निकेतन हादसे के बाद बड़ा एक्शन: हाईकोर्ट पहुंचा मामला, फरार मकान मालिक पर लुकआउट नोटिस जारी
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए दर्दनाक इमारत हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। मलबे में लोगों की तलाश और राहत-बचाव अभियान के बीच अब मामले में कानूनी और प्रशासनिक स्तर पर भी सख्ती शुरू हो गई है। घटना को लेकर मामला दिल्ली हाईकोर्ट तक पहुंच गया है, वहीं फरार चल रहे भवन मालिक के खिलाफ पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया है।
वकील स्वतंत्र भारद्वाज की ओर से दाखिल हेबियस कॉर्पस याचिका का मामला दिल्ली हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के सामने भी उठाया गया है। इसके साथ ही पुलिस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है।
मकान मालिक हरिराम के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर
हादसे के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी और भवन मालिक हरिराम के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। इसका मकसद आरोपी को देश से बाहर जाने से रोकना है। पुलिस ने उसका पासपोर्ट भी हासिल कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। आरोपी की तलाश के लिए दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा में भी पुलिस टीमें भेजी गई हैं।
आरोपी की तलाश में 10 टीमें गठित
हरिराम को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस ने 10 अलग-अलग टीमें बनाई हैं। इनमें स्थानीय पुलिस, स्पेशल स्टाफ और जिले की अलग-अलग ऑपरेशन यूनिट के जवान शामिल हैं।
इन टीमों की निगरानी एडिशनल DCP स्तर के अधिकारी कर रहे हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों और उसके संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही है।
CM रेखा गुप्ता का सख्त रुख, अवैध पांचवीं मंजिल वाले भवन होंगे सील
हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार सुबह एक बार फिर घटनास्थल का दौरा किया और राहत-बचाव अभियान के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिल्ली में अवैध तरीके से बनाई गई पांचवीं मंजिल वाले भवनों को तत्काल सील करने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा सत्य निकेतन और आसपास के इलाकों में मौजूद PG और बहुमंजिला इमारतों की सघन जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर तत्काल सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया है कि हादसे के लिए यदि कोई MCD अधिकारी जिम्मेदार पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शाम 5 बजे LG की आपात बैठक
सत्य निकेतन हादसे की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शाम 5 बजे उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई है। बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली पुलिस कमिश्नर, MCD, DDA और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में राजधानी में इमारतों की सुरक्षा, अवैध निर्माण और नियमों का उल्लंघन करने वाले PG के खिलाफ कार्रवाई को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए जाने की संभावना है।
श्री वेंकटेश्वर कॉलेज बंद, छात्रों को दी गई अस्थायी जगह
हादसे के बाद सत्य निकेतन इलाके में रहने वाले छात्रों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कई PG बंद किए जाने के चलते प्रभावित छात्रों के सामने रहने की समस्या भी खड़ी हो गई है।
इसी को देखते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री वेंकटेश्वर कॉलेज को आज बंद रखने का फैसला किया गया है। कॉलेज प्रशासन ने प्रभावित और बेघर छात्रों को अस्थायी रूप से अपने क्लासरूम में रहने की जगह उपलब्ध कराई है।
सत्य निकेतन हादसे के बाद जिस तरह पुलिस, प्रशासन और न्यायिक स्तर पर कार्रवाई तेज हुई है, उससे साफ है कि अब अवैध निर्माण और भवन सुरक्षा से जुड़े मामलों की जांच पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
