Movie prime

PM मोदी के फ्यूल बचाने की अपील पर शरद पवार का तंज, बोले- चुनाव के समय सत्ताधारी पार्टी ने फ्यूल बचाने के...

 
Sharad
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Sharad Pawar ने प्रधानमंत्री Narendra Modi की ईंधन बचाने की अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश के मौजूदा हालात गंभीर हैं और इस मुद्दे को दिखावे की बजाय गंभीरता से लेने की जरूरत है।

एनसीपी (एसपी) प्रमुख ने कहा कि जो नेता अपने काफिले की गाड़ियां कम कर रहे हैं, उन्हें इसे सिर्फ दिखावे तक सीमित नहीं रखना चाहिए। उन्होंने कहा, “एक-दो दिन की बचत से कुछ नहीं होगा। इसमें निरंतरता होनी चाहिए।”

“प्रधानमंत्री को बुलानी चाहिए ऑल पार्टी मीटिंग”

शरद पवार ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए प्रधानमंत्री को सभी दलों की बैठक बुलानी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश पहले भी ऐसी परिस्थितियों का सामना कर चुका है और अब प्रशासनिक खर्च कम करने पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “चुनाव के समय सत्ताधारी पार्टी ने फ्यूल बचाने के बारे में क्यों नहीं सोचा? इस फैसले में इतना समय क्यों लगा?”

“17-17 गाड़ियों के काफिले की क्या जरूरत?”

पवार ने मंत्रियों के बड़े काफिलों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, “मंत्रियों को अपनी फ्लीट में 17-17 गाड़ियों की क्या जरूरत है? अब अगर उसे घटाकर 7-8 किया जा रहा है और उसका प्रचार किया जा रहा है, तो यह सिर्फ दिखावा लगता है।”

उन्होंने यह भी बताया कि पिछले चार वर्षों से उनके काफिले में सिर्फ तीन गाड़ियां ही शामिल हैं।

फडणवीस के बाइक से मंत्रालय पहुंचने पर बोले पवार

Devendra Fadnavis के बाइक से मंत्रालय पहुंचने के सवाल पर शरद पवार ने कहा, “अगर मुख्यमंत्री रोज बाइक से मंत्रालय आएंगे, तभी लोग इसे गंभीरता से लेंगे।”

दरअसल, पीएम मोदी की अपील के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस गुरुवार को बाइक से अपने सरकारी आवास ‘वर्षा’ से विधान भवन और फिर मंत्रालय पहुंचे थे। इसे ईंधन बचत अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।