कर्नाटक में बदलाव के संकेत? जी परमेश्वर बोले- डीके शिवकुमार CM बने तो हम स्वीकार करेंगे
Bengaluru : कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान के बीच गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने कहा कि हाईकमान यदि डीके शिवकुमार को सीएम बनाए तो वे इसे स्वीकार करेंगे। इसे सिद्धारमैया खेमे से बड़ा संकेत माना जा रहा है। परमेश्वर ने अपनी भी सीएम बनने की आकांक्षा दोहराई, लेकिन शांतिपूर्ण ट्रांजिशन की बात कही।
Bengaluru : कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर बढ़ती खींचतान के बीच राज्य के गृह मंत्री जी. परमेश्वर का बड़ा बयान सामने आया है। परमेश्वर ने स्पष्ट कहा है कि यदि पार्टी हाईकमान डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला करता है, तो वह इसे पूरी तरह स्वीकार करेंगे। इसे सिद्धारमैया खेमे से आया अब तक का सबसे बड़ा संकेत माना जा रहा है।
एक मीडिया चैनल से बातचीत में जी. परमेश्वर ने कहा कि जब मुझसे मुख्यमंत्री बनने की इच्छा के बारे में पूछा जाता है, तो मैं कहता हूं कि मैं रेस में हूं। लेकिन यदि पार्टी किसी ट्रांजिशन को मंजूरी देती है और डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री बनते हैं, तो हम इसे स्वीकार करेंगे। ट्रांजिशन हुआ तो यह शांतिपूर्ण होगा। उन्होंने यह भी दोहराया कि उनकी भी मुख्यमंत्री बनने की आकांक्षा है, और हाईकमान उनके योगदान से भलीभांति अवगत है।
खरगे को भी बताया ‘उपयुक्त उम्मीदवार’
परमेश्वर ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भी मुख्यमंत्री पद के लिए ‘उपयुक्त उम्मीदवार’ बताया, लेकिन कहा कि उन्हें सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच किसी सत्ता-साझाकरण समझौते की जानकारी नहीं है।
कर्नाटक में इन दिनों नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अटकलें तेज हैं। मामला कथित सिद्धारमैया–डीके शिवकुमार सत्ता-साझाकरण समझौते से जुड़ा है, जिसके अनुसार कार्यकाल के बीच में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा चल रही है। अब हाईकमान के अंतिम फैसले का इंतजार है, जो राज्य की राजनीति की दिशा तय करेगा।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा था कि शब्द की ताकत ही दुनिया की ताकत है, और वादा निभाना सबसे बड़ी शक्ति है। उनके इस बयान को सत्ता बदलाव की ओर इशारों के रूप में देखा जा रहा है।
कर्नाटक में नेतृत्व संकट गहराता जा रहा है और अब सबकी निगाहें दिल्ली के हाईकमान पर टिकी हैं।
