Movie prime

राम मंदिर मामले में AAP सांसद संजय सिंह की SIT का नोटिस, बोले- सबूत के लिए बुलाया...

 
sanjay
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

 

राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा, चंदा चोरी और जमीन घोटाले के आरोपों की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को तलब किया है। SIT ने उन्हें 25 जून को सुबह 11 बजे लखनऊ स्थित मंडलायुक्त कार्यालय में उपस्थित होकर अपने दावों से संबंधित साक्ष्य और दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए बुलाया है।

इस संबंध में जानकारी स्वयं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए बताया कि उन्हें SIT की ओर से बुलावा मिला है और वह जांच एजेंसी को अपने पास मौजूद दस्तावेज सौंपेंगे।

संजय सिंह ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे और चंदे से जुड़े कथित अनियमितताओं तथा जमीन घोटाले से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज उनके पास हैं। उन्होंने दावा किया कि ये सभी दस्तावेज वह SIT अध्यक्ष को सौंप देंगे ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके।

अपने वीडियो संदेश में उन्होंने कहा, "मैं यह जानकारी आप सभी के साथ साझा करना चाहता हूं कि 25 जून को सुबह 11 बजे लखनऊ मंडलायुक्त कार्यालय में मुझे बुलाया गया है। मैंने समय भी मांगा था। मैं वहां जाकर सारी जानकारी और दस्तावेज SIT को उपलब्ध कराऊंगा।"

गौरतलब है कि राम मंदिर से जुड़े विभिन्न आरोपों की जांच के लिए गठित SIT इन दिनों कई पहलुओं की पड़ताल कर रही है। ऐसे में संजय सिंह द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले दस्तावेज जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।