Movie prime

अन्नामलाई के इस्तीफे की अटकलों पर विराम, BJP नेताओं से मुलाकात के बाद टीम ने किया बड़ा खुलासा

 
अन्नामलाई के इस्तीफे की अटकलों पर विराम, BJP नेताओं से मुलाकात के बाद टीम ने किया बड़ा खुलासा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

New Delhi : तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई को लेकर राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मंगलवार को उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मुलाकात की, जिसके बाद उनके इस्तीफे और नई राजनीतिक पार्टी बनाने की अटकलें सामने आने लगीं। हालांकि, उनकी टीम ने इन खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

राष्ट्रीय नेतृत्व से की मुलाकात

अन्नामलाई ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बी. एल. संतोष से मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी भेंट की और उन्हें एक पुस्तक भेंट की। मुलाकात के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में उनके इस्तीफे की चर्चा शुरू हो गई, लेकिन अन्नामलाई की टीम ने स्पष्ट किया कि उन्होंने भाजपा से इस्तीफा नहीं दिया है।

नई पार्टी बनाने की चर्चा

पिछले कुछ समय से ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि पूर्व आईपीएस अधिकारी अन्नामलाई तमिलनाडु में एक नई राजनीतिक पार्टी शुरू करने की योजना बना रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार प्रस्तावित पार्टी का फोकस "तमिल फर्स्ट" और धर्मनिरपेक्ष राजनीति पर हो सकता है।

बताया जा रहा है कि यह संगठन अगले 7 से 8 महीनों के भीतर अस्तित्व में आ सकता है और राज्य में भाजपा तथा द्रविड़ दलों के विकल्प के रूप में खुद को स्थापित करने का प्रयास करेगा।

क्या है अन्नामलाई का विजन?

अन्नामलाई के करीबी सूत्रों के अनुसार वह ऐसी राजनीतिक व्यवस्था की कल्पना करते हैं, जो तमिल पहचान को राष्ट्रीय दृष्टिकोण के साथ जोड़ सके। साथ ही राजनीति को व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप के बजाय मुद्दा आधारित बनाया जाए।

भाजपा से मतभेद की चर्चा

राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक हाल के महीनों में अन्नामलाई और भाजपा नेतृत्व के बीच कुछ रणनीतिक मुद्दों को लेकर मतभेद की चर्चा रही है। खासकर उम्मीदवार चयन और गठबंधन राजनीति को लेकर उनकी अलग राय बताई जा रही है।

अन्नामलाई का मानना रहा है कि भाजपा को तमिलनाडु में गठबंधन पर निर्भर रहने के बजाय अपना स्वतंत्र संगठनात्मक आधार मजबूत करना चाहिए।