Movie prime

दिल्ली एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा,155 यात्रियों से भरे SpiceJet विमान की इमरजेंसी लैंडिंग

 
SpiceJet
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। दिल्ली से लेह जा रही SpiceJet की फ्लाइट SG-121 को शनिवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण वापस दिल्ली लाना पड़ा। उड़ान के दौरान इंजन में समस्या की सूचना मिलते ही पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को जानकारी दी और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान लौटाने का निर्णय लिया।

सुबह करीब 6:35 बजे फ्लाइट के लिए फुल इमरजेंसी घोषित की गई। इसके बाद विमान को दिल्ली एयरपोर्ट के रनवे-28 पर सुबह लगभग 6:45 बजे सुरक्षित उतार लिया गया।

बोइंग 737 में 155 लोग थे सवार

एयरलाइन के अनुसार, यह विमान बोइंग 737 था, जिसमें कुल 155 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। लैंडिंग के दौरान एहतियातन फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और मेडिकल टीम को अलर्ट पर रखा गया था। सभी सुरक्षा इंतजाम पहले से तैयार थे।

विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। एयरलाइन ने बताया कि विमान को तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है और प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों से भेजने की व्यवस्था की जा रही है।

रांची एयर एंबुलेंस हादसे की ताजा याद

इस घटना से पहले झारखंड के रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। रेड बर्ड एविएशन की एयर एंबुलेंस सोमवार शाम रांची से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद चतरा जिले के सिमरिया क्षेत्र के बरियातु पंचायत के जंगल में क्रैश हो गई थी।

चतरा की उपायुक्त कीर्तिश्री जी. के अनुसार, विमान शाम करीब 7:10 बजे रांची एयरपोर्ट से उड़ा और करीब 7:30 बजे लापता हो गया। बाद में पता चला कि वह सिमरिया क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

रांची के देवकमल अस्पताल के सीईओ अनंत सिन्हा ने बताया कि एयर एंबुलेंस की व्यवस्था एक गंभीर रूप से झुलसे मरीज के लिए की गई थी। लातेहार जिले के चंदवा निवासी 41 वर्षीय संजय कुमार को 65 प्रतिशत तक जलने के बाद 16 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था।

हालांकि स्पाइसजेट की फ्लाइट में सभी यात्री सुरक्षित रहे, लेकिन हाल के विमान हादसों ने हवाई सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। विमानन प्राधिकरण दोनों मामलों की जांच में जुटे हैं।