टेट्रा पैक और सैशे में शराब बिक्री पर रोक, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से मांगा जवाब
नई दिल्ली। Supreme Court of India ने बुधवार को एक अहम याचिका पर सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार सहित संबंधित पक्षों से जवाब मांगा है। याचिका में टेट्रा पैक और सैशे जैसी पैकेजिंग में शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।
यह याचिका कम्युनिटी अगेंस्ट ड्रंकन ड्राइविंग नामक संगठन द्वारा दायर की गई है, जिसमें दावा किया गया है कि इस तरह की पैकेजिंग उपभोक्ताओं में भ्रम पैदा कर सकती है और इससे स्वास्थ्य व सुरक्षा को खतरा बढ़ता है।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील विपिन नायर ने तर्क दिया कि एक्साइज नियमों के तहत ‘बोतल’ की परिभाषा स्पष्ट नहीं है और इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक समान मानक तय किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ उत्पादों की पैकेजिंग फलों के जूस जैसी दिखाई देती है, जबकि उनमें शराब होती है, जिससे गलतफहमी पैदा होती है।
याचिका में मांग की गई है कि Government of India सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए एक समान नीति बनाए, ताकि टेट्रा पैक और सैशे में शराब की बिक्री पर रोक लगे और ‘बॉटलिंग’ की स्पष्ट परिभाषा तय की जा सके।
सुप्रीम कोर्ट की बेंच, जिसमें चीफ जस्टिस सूर्यकांत और अन्य जज शामिल थे, ने मामले को सुनवाई योग्य मानते हुए केंद्र से विस्तृत जवाब दाखिल करने को कहा है।
