सुप्रीम कोर्ट ने राम जन्मभूमि ट्रस्ट से मांगा जवाब, SIT से मांगी स्टेटस रिपोर्ट
New Delhi : अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) से मामले की स्टेटस रिपोर्ट तलब की है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई अगले सोमवार को तय की है।
मुख्य न्यायाधीश सीजेआई सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित SIT अपनी जांच की प्रगति रिपोर्ट अदालत में प्रस्तुत करे। साथ ही रिपोर्ट में SIT के गठन और अब तक की कार्रवाई का पूरा विवरण भी शामिल करने का निर्देश दिया गया।
सुनवाई के दौरान क्या हुआ?
सुनवाई के दौरान एक वकील ने अदालत को बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार इस मामले की जांच के लिए पहले ही SIT का गठन कर चुकी है। इस पर सॉलिसिटर जनरल ने अदालत को बताया कि वह उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पेश हो रहे हैं।
अदालत ने पूछा कि क्या वे केंद्र सरकार की ओर से भी नोटिस स्वीकार करेंगे, जिस पर उन्होंने सहमति जताई। हालांकि बाद में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि फिलहाल केवल राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को ही नोटिस जारी किया जा रहा है। केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार को इस चरण में अलग से नोटिस जारी नहीं किया गया।
अगले सोमवार होगी सुनवाई
सॉलिसिटर जनरल ने अदालत को भरोसा दिलाया कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार इस मामले में न्यायालय को हर संभव सहयोग देंगी। अब मामले की अगली सुनवाई अगले सोमवार होगी, जिसमें SIT अपनी स्टेटस रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट के समक्ष पेश करेगी।
