निठारी कांड के आरोपित सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में की खुदकुशी, चाय की दुकान में फंदे पर लटका मिला शव
हरिद्वार: देशभर में चर्चित निठारी कांड के आरोपित रहे सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र कोली का शव सप्त सरोवर रोड स्थित उसकी चाय की दुकान के अंदर रस्सी के सहारे फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना सप्त ऋषि पुलिस चौकी क्षेत्र में लालमाता मंदिर के सामने स्थित चाय की दुकान की है। मृतक की पहचान अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण क्षेत्र के ग्राम मंगरुखाल निवासी सुरेंद्र कोली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके स्वजन को भी घटना की सूचना दे दी है।
शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि सुरेंद्र कोली पिछले कुछ महीनों से हरिद्वार में रह रहा था और किराए पर चाय का खोखा लेकर दुकान चला रहा था। शुरुआती जांच में दुकान से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
2025 में सुप्रीम कोर्ट ने किया था बरी
सुरेंद्र कोली का नाम वर्ष 2006 में सामने आए चर्चित निठारी कांड से जुड़ा रहा है। इस मामले में उस पर हत्या और दुष्कर्म समेत गंभीर आरोप लगे थे। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उसे फांसी की सजा सुनाई थी। बाद में वर्ष 2015 में उसकी फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया गया था।
इसके बाद वर्ष 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने निठारी कांड से जुड़े मामले में सुरेंद्र कोली को बरी कर दिया था। जेल से रिहा होने के बाद वह हरिद्वार में रहकर चाय की दुकान चला रहा था। अब उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से एक बार फिर निठारी कांड से जुड़ा उसका नाम चर्चा में आ गया है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
