तमिलनाडु को 13 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, PM मोदी बोले- 'विकसित तमिलनाडु से साकार होगा विकसित भारत का संकल्प'
Chennai : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (11 अक्टूबर 2026) को तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में करीब 13 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित तमिलनाडु और विकसित भारत का संकल्प मिलकर साकार किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने चेन्नई मेट्रो रेल, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे, बंदरगाह, पेट्रोलियम और शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे राज्य में परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा, उद्योग और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
'तमिलनाडु के विकास के लिए केंद्र हर संभव सहयोग करेगा'
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह दिन तमिलनाडु के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि लगभग 13 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं में कई पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन और नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हम एक ऐसा तमिलनाडु बनाना चाहते हैं, जो निरंतर नई ऊंचाइयों तक पहुंचता जाए। इसके लिए केंद्र से जो भी मदद चाहिए होगी, हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ आपके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से आम लोगों का दैनिक सफर आसान होने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
'मंदिर से मेट्रो तक तमिलनाडु के अनुभव भारत की नई पहचान'
प्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक विकास के बीच संबंध का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अपनी परंपराओं से प्रेरणा लेकर विज्ञान और आधुनिक बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिर से मेट्रो तक तमिलनाडु के ये अनुभव, यही आज के भारत की स्पिरिट है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्हें आईआईटी मद्रास के ब्रेन रिसर्च सेंटर का दौरा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि मस्तिष्क अनुसंधान के क्षेत्र में होने वाले शोध से सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में नए अवसर पैदा हो सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने चेन्नई मेट्रो के नए हिस्से को जनता को समर्पित किए जाने का भी उल्लेख किया।
सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे होने पर जनता का जताया आभार
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अक्टूबर 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद देशवासियों ने उन्हें मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्षों के दौरान उनका विश्वास देश की जनता और सहकारी संघवाद की भावना में और मजबूत हुआ है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह हमेशा राज्यों के विकास के माध्यम से देश के विकास के सिद्धांत पर काम करते रहे हैं। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राज्यों की आकांक्षाओं को समझा और प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्हें पूरा करने की दिशा में प्रयास किए।
'तमिलनाडु की सेवा का संकल्प हमेशा अटूट रहा'
प्रधानमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु के विकास और यहां के लोगों की सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता लगातार बनी हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर तमिलनाडु के विकास को आगे बढ़ा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने शहरी विकास को सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि शहरीकरण को चुनौती के बजाय अवसर के रूप में देखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बेहतर सार्वजनिक परिवहन से नागरिकों का जीवन आसान होता है और शहरों की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलती है।
'2014 में पांच शहरों में थी मेट्रो, आज 25 शहरों तक पहुंची'
चेन्नई मेट्रो के विस्तार पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में देश के मेट्रो नेटवर्क में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2014 में देश के केवल पांच शहरों में मेट्रो सेवाएं संचालित थीं, जबकि अब 25 शहरों में मेट्रो का संचालन हो रहा है।
प्रधानमंत्री के अनुसार, वर्ष 2014 में देश का मेट्रो नेटवर्क लगभग 250 किलोमीटर था, जो अब बढ़कर 1,100 किलोमीटर से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि चेन्नई मेट्रो का विस्तार कामकाजी लोगों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों और सामान्य यात्रियों के लिए लाभकारी साबित होगा। इससे यात्रा का समय कम करने और शहर में आवागमन को सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।
आधुनिक बुनियादी ढांचे से रोजगार और कारोबार को बढ़ावा देने पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आधुनिक शहरों के विकास के लिए केवल सड़कों को चौड़ा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि एकीकृत परिवहन और बुनियादी ढांचे की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि रेलवे, सड़क, मेट्रो और बंदरगाह से जुड़ी परियोजनाएं राज्य की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि इन परियोजनाओं से तमिलनाडु में उद्योग, व्यापार और रोजगार के अवसरों का विस्तार होगा तथा विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में राज्य की भागीदारी और मजबूत होगी।
