Movie prime

तमिलनाडु: विजय सरकार का बड़ा फैसला, स्कूलों और पूजा स्थलों के पास की 717 शराब दुकानें होंगी बंद
 

 
 तमिलनाडु: विजय सरकार का बड़ा फैसला, स्कूलों और पूजा स्थलों के पास की 717 शराब दुकानें होंगी बंद
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

चेन्नई I तमिलनाडु में नई सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने कड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए राज्यभर में 717 शराब दुकानों को बंद करने का आदेश जारी किया है। ये सभी दुकानें पूजा स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और बस स्टैंडों के 500 मीटर के दायरे में संचालित हो रही थीं।

सरकारी निर्देश के अनुसार इन दुकानों को अगले दो सप्ताह के भीतर बंद करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

राज्य में शराब की बिक्री का संचालन करने वाली TASMAC वर्तमान में तमिलनाडु में कुल 4,765 शराब दुकानें संचालित करती है। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद पूरे राज्य में एक विशेष सर्वे किया गया, जिसमें संवेदनशील स्थानों के आसपास स्थित दुकानों की पहचान की गई।

सर्वे में सामने आए आंकड़े

अधिकारियों के अनुसार:

  • 276 दुकानें पूजा स्थलों के पास
  • 186 दुकानें स्कूलों और कॉलेजों के पास
  • 255 दुकानें बस स्टैंडों के नजदीक

इस तरह कुल 717 दुकानें संवेदनशील क्षेत्रों के दायरे में पाई गईं, जिन्हें बंद करने का निर्णय लिया गया है।

सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों के आसपास शराब बिक्री पर नियंत्रण करना और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत बनाना है। लंबे समय से स्थानीय लोग इन दुकानों को लेकर शिकायत कर रहे थे।

मलेशिया के प्रधानमंत्री की बधाई

इस बीच मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय को पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी है। उन्होंने तमिलनाडु और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों की भी सराहना की।

अनवर इब्राहिम ने सोशल मीडिया पर लिखा कि विजय को फिल्मों में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ते हुए देखा गया है और अब उन्हें वास्तविक जीवन में जनता ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने “एक उंगली की क्रांति” की भी चर्चा की और भविष्य में सहयोग की उम्मीद जताई।

मुख्यमंत्री विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम के नेतृत्व में राज्य में नई नीतियों और सख्त प्रशासनिक फैसलों की शुरुआत को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।