पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर आया तेज प्रताप यादव का रिएक्शन, कहा- कहीं न कहीं जानबूझकर खराब ...
बिहार के पूर्णिया से लोकसभा सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव की 1995 के एक पुराने मामले में गिरफ्तारी के बाद सियासत तेज हो गई है। पटना पुलिस की इस कार्रवाई पर विभिन्न राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव ने पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए हैं।
तेज प्रताप यादव ने कहा कि पप्पू यादव ने अपनी मांगें उठाई थीं, लेकिन उन्हें एक पुराने मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कहीं न कहीं माहौल को जानबूझकर खराब करने की कोशिश की जा रही है। तेज प्रताप ने कहा कि सरकार इस पूरे घटनाक्रम से अनजान नहीं है और वह इस पर नजर बनाए हुए है। उनके मुताबिक सरकार इतनी भी नासमझ नहीं है कि उसे सब कुछ दिखाई न दे।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर भी साधा निशाना
तेज प्रताप यादव ने इस दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राहुल और प्रियंका गांधी इस मामले में सिर्फ अपना चेहरा चमकाने के लिए कूद पड़े हैं। चेहरा चमकाने से कुछ नहीं होगा, असली बदलाव काम करने से आता है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने इस पूरे मामले को संज्ञान में लिया हुआ है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी।
कोर्ट में पेशी
पटना पुलिस ने पूर्णिया लोकसभा सीट से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को शनिवार, 7 फरवरी को पटना की अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें दो दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब उनकी जमानत याचिका पर सोमवार, 9 फरवरी को सुनवाई होगी।
पुलिस ने पप्पू यादव को 31 साल पुराने एक मामले में शुक्रवार, 6 फरवरी की देर रात गिरफ्तार किया था। उनके वकील शिवानंदन भारती ने बताया कि अदालत ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति को भी ध्यान में रखा है, जो पूरी तरह ठीक नहीं बताई जा रही है।
हाई वोल्टेज ड्रामे के बीच हुई गिरफ्तारी
पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात पटना के मन्दिरी स्थित उनके आवास से हाई वोल्टेज ड्रामे के बीच गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद से ही यह मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है और आने वाले दिनों में इस पर सियासत और तेज होने के आसार हैं।
