छात्रों पर लाठीचार्ज का जवाब वोट से मिलेगा... प्रशांत किशोर का बीजेपी पर हमला
Patna : संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर देशभर में सियासी घमासान जारी है। विपक्षी दल केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर हैं। इसी बीच जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने भी सरकार की कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता ही अंतिम फैसला करती है और इसका जवाब चुनाव में मिलेगा।
पटना के वार्ड नंबर-22 में मंगलवार (21 जुलाई, 2026) को एक मोहल्ला बैठक के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि कल आपने देखा कि देश के बच्चों, हमारे-आपके भाइयों के साथ जिस तरह सरकार ने लाठीचार्ज कराया और उनके साथ अत्याचार हुआ, उसका जवाब बांकीपुर की जनता वोट के जरिए देगी। भाजपा को बताया जाएगा कि यह लोकतंत्र है, किसी का एकाधिकार नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि यदि छात्रों और युवाओं के साथ अन्याय होता रहेगा, पेपर लीक की घटनाएं जारी रहेंगी और बेरोजगारी बनी रहेगी, तो जनता इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
प्रशांत किशोर ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि "जब प्रधानमंत्री को संसद भवन से पिछले गेट से निकलना पड़ा, तब यह साफ है कि जनता सवाल पूछ रही है। बिहार में जो छोटे नेता जन सुराज के कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश कर रहे हैं, वे संभल जाएं। 30 जुलाई को जनता अपना फैसला सुना देगी और भाजपा को करारा जवाब मिलेगा।"
गौरतलब है कि नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में हुए संसद मार्च के दौरान छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार को घेर रहा है। इस मुद्दे पर संसद के दोनों सदनों में भी हंगामा देखने को मिला है, जबकि सरकार की ओर से पुलिस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक बताया गया है।
