Movie prime

LPG को लेकर फैली अफवाहों पर केंद्र का जवाब, देश में गैस की सप्लाई पूरी तरह सुरक्षित

 
LPG को लेकर फैली अफवाहों पर केंद्र का जवाब, देश में गैस की सप्लाई पूरी तरह सुरक्षित
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

New Delhi : देश में एलपीजी गैस को लेकर फैल रही चिंताओं के बीच केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संसद में कहा कि सरकार ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए कड़े कदम उठा रही है और घरेलू उपभोक्ताओं की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है।

मंत्री ने बताया कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए बुकिंग व्यवस्था में कुछ दिशा-निर्देश तय किए गए हैं। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में दूसरे LPG सिलेंडर की बुकिंग 45 दिन बाद और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन बाद की जा सकेगी।

क्रूड सप्लाई सुरक्षित, घबराने की जरूरत नहीं

लोकसभा में बोलते हुएहरदीप सिंह पुरी ने कहा कि वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति में अभूतपूर्व संकट का दौर चल रहा है, लेकिन भारत की क्रूड सप्लाई सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि पहले भारत का करीब 45 प्रतिशत कच्चा तेल Strait of Hormuz के रास्ते आयात होता था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी की कूटनीतिक पहल और वैश्विक संबंधों की वजह से भारत को पर्याप्त मात्रा में कच्चा तेल मिल रहा है।

देश में LPG की कमी नहीं

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पिछले पांच दिनों में रिफाइनरियों को दिए गए निर्देशों के बाद एलपीजी उत्पादन में करीब 28 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और आगे भी खरीद की प्रक्रिया जारी है। सरकार की प्राथमिकता देश के करीब 33 करोड़ परिवारों तक घरेलू गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना है, खासकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए।

अफवाहों से बचने की अपील

इस मुद्दे पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गाँधी ने भी चिंता जताते हुए कहा कि एलपीजी को लेकर घबराहट का माहौल है और छोटे व्यापारी प्रभावित हो रहे हैं। इस पर जवाब देते हुए हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि यह अफवाह फैलाने का समय नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार घरों और खेतों के लिए गैस की आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और देश में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है।