14 अप्रैल का दिन तय करेगा बिहार की सत्ता, BJP के खाते में जा सकती है CM कुर्सी
Patna : नीतीश कुमार की अगुवाई वाली बिहार सरकार का कार्यकाल अब अंतिम चरण में है। 14 अप्रैल को कैबिनेट की आखिरी बैठक बुलाई गई है, जिसके बाद राज्य की सियासत में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
14 अप्रैल को आखिरी कैबिनेट बैठक
सूत्रों के मुताबिक 14 अप्रैल सुबह 11 बजे मुख्य सचिवालय में कैबिनेट की बैठक होगी। बैठक से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बाबा साहब बी.आर.अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद कैबिनेट की बैठक संपन्न होने पर वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे।
NDA विधायक दल की बैठक भी उसी दिन
इसी दिन एनडीए (NDA) विधायक दल की बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें नए नेता का चयन किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस बार मुख्यमंत्री पद भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खाते में जा सकता है। नए नेता के चयन के बाद राज्यपाल को सूचना दी जाएगी और 15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सदस्यों का शपथ ग्रहण कराया जा सकता है।
अगले मुख्यमंत्री को लेकर सियासी हलकों में चर्चाएं तेज हैं। सम्राट चौधरी समेत कई नाम दावेदारी में बताए जा रहे हैं। हालांकि अंतिम फैसला NDA विधायक दल की बैठक में ही होगा।
नीतीश के मार्गदर्शन में चलेगी सरकार
वहीं जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि नई सरकार नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में काम करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश बिहार में रहकर राज्य के विकास कार्यों पर नजर रखेंगे और जरूरत पड़ने पर ही दिल्ली जाएंगे।
बिहार की राजनीति में इस बदलाव को लेकर सभी की नजरें अब 14 अप्रैल की बैठक और 15 अप्रैल के संभावित शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं।
