दिल्ली में बढ़ा SIR का समय, अब 27 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम वोटर लिस्ट
नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने दिल्ली में चल रहे विशेष गहन संशोधन (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम के संशोधित शेड्यूल की घोषणा कर दी है। आयोग ने मतदाता सत्यापन और दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया के लिए समय बढ़ाते हुए अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की नई तारीख 27 अक्टूबर 2026 तय की है।
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी पत्र के अनुसार, बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अब 17 अगस्त 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इसी दिन मतदान केंद्रों के पुनर्गठन (Rearrangement of Polling Stations) का कार्य भी पूरा किया जाएगा।
24 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने या अन्य बदलाव के लिए 24 अगस्त से 23 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। निर्वाचन आयोग इन दावों और आपत्तियों का निस्तारण 24 अगस्त से 22 अक्टूबर 2026 के बीच करेगा। इसके बाद 27 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
छूटे हुए मतदाताओं को मिलेगा अतिरिक्त मौका
आयोग का कहना है कि संशोधित शेड्यूल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। इसी कारण सत्यापन और आवेदन की समयसीमा बढ़ाई गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकें।
30 जून से शुरू हुई थी SIR प्रक्रिया
दिल्ली में विशेष गहन संशोधन (SIR) अभियान 30 जून 2026 से शुरू हुआ था। प्रारंभिक कार्यक्रम के अनुसार, बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन और फॉर्म संग्रह का कार्य 29 जुलाई तक पूरा होना था। इससे पहले भी निर्वाचन आयोग इस अभियान की समयसीमा 10 दिन बढ़ा चुका था। अब नए संशोधित कार्यक्रम के तहत पूरी प्रक्रिया अक्टूबर के अंत तक चलेगी।
