Movie prime

ट्रेन का फर्स्ट AC बना ‘हनीमून सुइट’, वीडियो वायरल होते ही रेलवे ने लिया एक्शन, TTE सस्पेंड

 
....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भारतीय रेलवे के फर्स्ट एसी केबिन को किसी लग्जरी ‘हनीमून सुइट’ की तरह सजाया गया दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया है और मामले में संबंधित टीटीई को निलंबित कर जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, यह मामला 6 जुलाई का है। घटना महाराष्ट्र के जालना रेलवे स्टेशन पर मुंबई CSMT-बल्हारशाह-नंदीग्राम एक्सप्रेस से जुड़ी बताई जा रही है। वायरल वीडियो में फर्स्ट एसी केबिन को फूलों, रंग-बिरंगे गुब्बारों और गुलाब की पंखुड़ियों से भव्य तरीके से सजाया गया है। केबिन की दीवार पर ‘I Love You’ लिखा हुआ भी नजर आ रहा है, जिससे पूरा डिब्बा एक रोमांटिक माहौल में दिखाई देता है।

वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे का एक्शन

साउथ सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) ए. श्रीधरन ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जालना में तैनात टीटीई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कोच की सजावट के लिए एक निजी इवेंट स्टाइलिंग कंपनी की सेवाएं ली गई थीं। रेलवे का कहना है कि बिना अनुमति किसी बाहरी एजेंसी को ट्रेन में प्रवेश की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए थी और टीटीई की यही लापरवाही कार्रवाई का कारण बनी।

इवेंट कंपनी ने दी सफाई

मामले से जुड़ी इवेंट स्टाइलिंग फर्म ने मीडिया से बातचीत में कहा कि फर्स्ट एसी केबिन जालना के एक दंपति के लिए बुक कराया गया था। उनकी टीम ने यात्रा शुरू होने से पहले कोच को सजाया था। फर्म का दावा है कि उन्हें इस तरह की सजावट के लिए रेलवे से अलग से अनुमति लेने की आवश्यकता की जानकारी नहीं थी।

हालांकि, वीडियो के वायरल होने के बाद रेलवे अब यह जांच कर रहा है कि कोच में सजावट की अनुमति किस स्तर पर दी गई और सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।