Movie prime

मार्च 2027 तक खत्म हो सकता है टोल प्लाजा पर रुकने का झंझट, बैरियर-फ्री सिस्टम लाएगी सरकार

 
मार्च 2027 तक खत्म हो सकता है टोल प्लाजा पर रुकने का झंझट, बैरियर-फ्री सिस्टम लाएगी सरकार
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Mumbai : मुंबई में आयोजित ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 (GFF 2026) में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी घोषणा की है। फेस्ट के तीसरे दिन, शुक्रवार 11 सितंबर को शामिल हुए गडकरी ने कहा कि देश में जल्द ही AI आधारित डिजिटल और बैरियर-फ्री टोल प्रणाली लागू की जाएगी।

गडकरी के मुताबिक, नई प्रणाली को मार्च 2027 तक लागू किए जाने की उम्मीद है। इसके बाद वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर बार-बार गाड़ी रोकने और लंबी कतारों में इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। टोल भुगतान की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और निर्बाध बनाने की दिशा में सरकार काम कर रही है।

क्या बोले नितिन गडकरी?

ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि AI और सीमलेस टोल सिस्टम के जरिए भारत टोल प्लाजा पर रुकने की पुरानी व्यवस्था को खत्म कर सीधे आगे बढ़ने की दिशा में काम कर रहा है। भविष्य का राजमार्ग इंटेलिजेंट, बैरियर-फ्री और पूरी तरह से कैशलेस होगा।

उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद लंबी दूरी की यात्रा करने वाले वाहन चालकों का सफर अधिक सुविधाजनक और बिना रुकावट के हो सकेगा।

टोल राजस्व में भी हो सकता है इजाफा

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस दिशा में पायलट प्रोजेक्ट वर्ष 2014 में शुरू किया गया था। इसके बाद वर्ष 2021 में FASTag व्यवस्था को महत्वपूर्ण रूप से लागू किया गया। वर्तमान में देश में 98 प्रतिशत से अधिक वाहनों में FASTag का उपयोग किया जा रहा है। अब तक लगभग 13 करोड़ FASTag जारी किए जा चुके हैं।

गडकरी ने कहा कि डिजिटल टोल व्यवस्था से राजस्व संग्रह में पारदर्शिता बढ़ेगी। सरकार को उम्मीद है कि नई प्रणाली के लागू होने के बाद टोल से मिलने वाले राजस्व में करीब 10 हजार करोड़ रुपये तक की वृद्धि हो सकती है।

कैसे काम करेगी AI आधारित टोल प्रणाली?

नई व्यवस्था के तहत ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (ANPR) तकनीक को FASTag के साथ इंटीग्रेट किया जाएगा। ANPR कैमरे चलते वाहनों की नंबर प्लेट को अपने आप पहचानेंगे। इसके बाद वाहन से जुड़े FASTag खाते से निर्धारित टोल राशि स्वतः काट ली जाएगी।

इस प्रणाली के लागू होने के बाद टोल प्लाजा पर वाहनों को रोकने, नकद भुगतान करने या लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता कम हो जाएगी। इससे समय की बचत के साथ-साथ राजमार्गों पर यातायात का प्रवाह भी बेहतर होने की उम्मीद है।