1 अप्रैल से हाईवे पर सफर महंगा, टोल दरों में बढ़ोतरी का फैसला
New Delhi : अगर आप भी नेशनल हाईवे या एक्सप्रेसवे से नियमित सफर करते हैं, तो अब आपकी जेब पर थोड़ा और बोझ पड़ने वाला है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ 1 अप्रैल से देशभर के टोल प्लाजा की दरों में बढ़ोतरी का फैसला किया है। जानकारी के मुताबिक, टोल शुल्क में औसतन 4–5 प्रतिशत तक इजाफा किया गया है।
इस फैसले के बाद देश के कई प्रमुख हाईवे और एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वाले लोगों को पहले के मुकाबले ज्यादा टोल देना होगा।
इन प्रमुख रूट्स पर पड़ेगा असर
दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे:
इस रूट पर टोल में करीब 5% की बढ़ोतरी की गई है। कार, जीप, वैन और हल्के वाहनों के लिए एक तरफ का टोल 170 रुपये से बढ़कर 175 रुपये हो जाएगा, जबकि रिटर्न टोल 255 रुपये से बढ़कर 265 रुपये तक पहुंच जाएगा।
बेंगलुरु–मैसूर एक्सप्रेसवे:
यहां टोल में 3–5% तक इजाफे का अनुमान है। कारों के टोल में फिलहाल बड़ा बदलाव नहीं होगा और यह करीब 120 रुपये के आसपास रहेगा, लेकिन LCV और ट्रकों के लिए 5–15 रुपये तक बढ़ोतरी हो सकती है।
दिल्ली–जयपुर हाईवे:
इस मार्ग पर 5% से 20% तक बढ़ोतरी की संभावना है। खासतौर पर शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर कमर्शियल वाहनों के किराए में इजाफा किया जा सकता है।
यूपी के अन्य रूट्स:
लखनऊ–कानपुर, अयोध्या और रायबरेली जाने वाले मार्गों पर निजी वाहनों के लिए 5–10% तक मामूली बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
अलग-अलग राज्यों में असर
उत्तर प्रदेश में दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे, NH-9 और लखनऊ–कानपुर रूट पर टोल खर्च करीब 5% तक बढ़ने की संभावना है, जिससे यात्रियों पर अतिरिक्त खर्च आएगा।
राजस्थान में जयपुर–दिल्ली, जयपुर–अजमेर और जयपुर–किशनगढ़ मार्गों पर भी टोल बढ़ेगा। अनुमान है कि जयपुर–किशनगढ़ रूट पर कारों का टोल 140 रुपये से बढ़कर करीब 155 रुपये हो सकता है। वहीं दिल्ली से मुंबई तक राजस्थान के रास्ते यात्रा करने वालों को हर टोल प्लाजा पर 5–15 रुपये अतिरिक्त देने पड़ सकते हैं।
दक्षिण भारत में भी असर देखने को मिलेगा। तमिलनाडु में 65 से ज्यादा टोल प्लाजा हैं, जहां 1 अप्रैल से बढ़ोतरी लागू होने की संभावना है। इसका असर चेन्नई बाईपास और चेन्नई–तिरुपति हाईवे पर सफर करने वालों पर पड़ेगा। इसके अलावा बेंगलुरु–मैसूर एक्सप्रेसवे और बेंगलुरु एयरपोर्ट रोड पर भी औसतन 3–5% तक टोल बढ़ने की संभावना है।
यात्रियों पर पड़ेगा असर
नई दरें लागू होने के बाद रोजाना हाईवे पर सफर करने वाले लोगों और कमर्शियल वाहनों के ऑपरेटरों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ेगा। खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वालों के लिए कुल टोल खर्च में स्पष्ट बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
