मुजफ्फरपुर में दर्दनाक हादसा: ICU में आग लगने से 5 मरीजों की मौत, कई गंभीर
पटना I प्रसाद अस्पताल के आईसीयू में गुरुवार तड़के करीब 2 बजे भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। सुबह 9:30 बजे तक प्रशासन ने 5 मरीजों की मौत की पुष्टि की है, जबकि कई अन्य की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। मरने वालों में औराई के 30 वर्षीय शशांक कुमार, कथैया की गीता देवी, तरियानी-शिवहर के 57 वर्षीय उदय कुमार, कृष्ण नंदन और चंचला कुमारी शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग अस्पताल की ऊपरी मंजिल स्थित आईसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट से लगी, जिसके बाद पूरे परिसर में तेजी से धुआं फैल गया। अचानक हुई इस घटना से मरीजों और उनके परिजनों के बीच अफरातफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान 10 से 15 मरीजों को बेसुध हालत में बाहर निकाला गया, जिन्हें आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती सूचना शोरगुल के बीच मिली, जिसके बाद राहत कार्य तेजी से शुरू किया गया।
जिला प्रशासन ने सभी आसपास के अस्पतालों में भर्ती मरीजों की स्थिति की जांच शुरू कर दी है। सुब्रत कुमार सेन ने कहा कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही को लेकर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि बचाए गए मरीजों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
फिलहाल मौतों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि जारी है और प्रशासन का कहना है कि आंकड़ा आगे बढ़ भी सकता है।
