भरत तिवारी के ‘चचेरे भाई’ पर बढ़ी मुश्किलें, एनकाउंटर का बदला लेने की धमकी वाले वीडियो पर SP सख्त
मोतिहारी I भोजपुर जिला के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुई मुठभेड़ में भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद अब मामला नया मोड़ ले चुका है। मृतक के ‘चचेरे भाई’ बताए जा रहे आशीष तिवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो में आशीष तिवारी, जो खुद को बिहार पुलिस का सिपाही बता रहा है, कथित तौर पर भरत भूषण तिवारी की मौत का बदला लेने की धमकी देते हुए नजर आ रहा है। इस वीडियो के सामने आते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है।
मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वीडियो का संज्ञान लिया है। उन्होंने आशीष तिवारी से तत्काल स्पष्टीकरण तलब किया है और पुलिस केंद्र के डीएसपी को पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है।
एसपी ने स्पष्ट कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आशीष तिवारी की तैनाती मोतिहारी पुलिस लाइन में बताई जा रही है।
पहले से विवादों में रहा है सिपाही
सूत्रों के अनुसार, आशीष तिवारी का पुराना रिकॉर्ड भी विवादों से भरा रहा है। वह पहले भी अनुशासनहीनता के कई मामलों में घिर चुका है और विभागीय कार्रवाई का सामना कर रहा है।
* वर्ष 2023 में हरपुर थाने में नाइट ड्यूटी के दौरान उसने कथित तौर पर एक साथी पुलिसकर्मी पर चाकू तान दिया था।
* वर्ष 2024 में पीपराकोठी थाने में तैनाती के दौरान सहकर्मियों से अभद्र व्यवहार और सर्विस रिवाल्वर तानने का मामला सामने आया था।
इन घटनाओं के चलते उसकी वेतन वृद्धि पर भी पहले सजा के तौर पर रोक लगाई जा चुकी है।
विभागीय कार्रवाई के संकेत
पुलिस प्रशासन के अनुसार, आशीष तिवारी पहले से ही चार्जशीटेड है और कई मामलों में विभागीय दंड झेल चुका है। अब वायरल वीडियो ने उसकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। पुलिस अधिकारियों ने साफ संकेत दिए हैं कि जांच पूरी होने के बाद कठोर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सत्यता एवं परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
