केंद्रीय मंत्री बंदी संजय के बेटे भगीरथ को POCSO केस में जेल, कोर्ट ने भेजा न्यायिक हिरासत में
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे भगीरथ को पोक्सो मामले में अदालत ने 29 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। भगीरथ को शनिवार रात गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद मजिस्ट्रेट ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया।
भगीरथ के वकील करुणा सागर ने दावा किया कि पुलिस गिरफ्तारी को लेकर गलत जानकारी दे रही है। उनका कहना है कि भगीरथ ने खुद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था।
यह मामला एक नाबालिग लड़की की मां की शिकायत के बाद दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि भगीरथ ने उसकी बेटी का यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं, भगीरथ ने भी जवाबी शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि लड़की और उसके परिवार ने उस पर शादी का दबाव बनाया। उसने दावा किया कि प्रस्ताव ठुकराने के बाद उससे पैसे मांगे गए और पैसे न देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई।
इस मामले पर केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार ने कहा कि उनके परिवार ने कोई गलत काम नहीं किया है और वे कानूनी प्रक्रिया के जरिए खुद को निर्दोष साबित करेंगे। उन्होंने कहा कि अंत में सच्चाई की जीत होगी।
