Movie prime

तमिलनाडु में विश्वास मत के बाद बवाल, स्टालिन ने TVK सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

 
तमिलनाडु में विश्वास मत के बाद बवाल, स्टालिन ने TVK सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Chennai : तमिलनाडु में विश्वास मत के बाद सियासी तनाव बढ़ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुन्नेत्र कझगम (DMK) प्रमुख M. K. Stalin ने सोशल मीडिया पर लंबा बयान जारी करते हुए तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि डीएमके टीवीके सरकार के गठन या उसके बने रहने में कोई बाधा नहीं डालेगी। इसी रुख के तहत डीएमके विधायकों ने विश्वास मत का बहिष्कार किया और सदन से वॉकआउट किया।

सहयोगी दलों के रुख पर स्टालिन ने जताया आभार

पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि विधानसभा में उनके गठबंधन सहयोगियों प्रेमलता विजयकांत, प्रोफेसर जवाहरुल्लाह, थमिमुन अंसारी और नित्यानंदन ने भी सदन से वॉकआउट कर उनका समर्थन किया। स्टालिन ने इन सभी नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

वहीं सीपीआई, सीपीआई(एम), आईयूएमएल और वीसीके जैसे सहयोगी दलों ने राष्ट्रपति शासन की संभावना रोकने के लिए सरकार के पक्ष में मतदान किया। स्टालिन ने उनके निर्णय का भी सम्मान किया।

TVK और सहयोगियों पर लगाए गंभीर आरोप

स्टालिन ने आरोप लगाया कि TVK अब उन लोगों का भरोसा तोड़ रही है जिन्होंने सरकार बनने का रास्ता तैयार किया था। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में सत्ताधारी दल की गतिविधियों और सहयोगी दलों के बयानों से यह स्पष्ट है कि सरकार अपने “स्वच्छ राजनीति” के वादे से भटक चुकी है।

उन्होंने यह भी कहा कि TVK को कांग्रेस विधायकों का समर्थन प्राप्त है, जिसके चलते उनके बयान को कांग्रेस से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

AIADMK पर ‘रिटर्न गिफ्ट’ का आरोप

डीएमके प्रमुख ने टीवीके पर अन्नाद्रमुक (AIADMK) में अंदरूनी विवाद का फायदा उठाने और उसके विधायकों को अपने पक्ष में करने का आरोप लगाया।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग “क्लीन पॉलिटिक्स” के वादे के साथ सत्ता में आए थे, वे अब “डर्टी पॉलिटिक्स” में शामिल हो गए हैं। स्टालिन ने सवाल उठाया कि यदि सरकार की शुरुआत ही इस तरह की राजनीति से हो रही है तो आगे क्या स्थिति होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि जनता यह देख रही है कि AIADMK से जुड़े विधायकों को किस तरह “रिटर्न गिफ्ट” दिया जाएगा।

विपक्ष की भूमिका निभाने की बात

अपने बयान के अंत में स्टालिन ने कहा कि डीएमके अपनी विचारधारा से पीछे नहीं हटेगी और तमिलनाडु में एक मजबूत व रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाती रहेगी। उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है।