Movie prime

लोकसभा में हंगामा: स्पीकर की कुर्सी पर कागज उछालने वाले 8 सांसद निलंबित
 

 
  लोकसभा में हंगामा: स्पीकर की कुर्सी पर कागज उछालने वाले  8 सांसद निलंबित
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली I लोकसभा में मंगलवार को बजट सत्र के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिला। विपक्षी सदस्यों ने सदन में भारी शोर-शराबा किया और कुछ सांसदों ने स्पीकर की कुर्सी की ओर कागज उछाल दिए। इस अनुशासनहीन व्यवहार पर सख्त कार्रवाई करते हुए स्पीकर ने आठ कांग्रेस सांसदों को संसद के शेष बजट सत्र के लिए निलंबित कर दिया।

निलंबित सांसदों में अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, हिबी ईडन, मणिकम टैगोर, गुरजीत सिंह औजला, प्रशांत यादवराव पडोळे, किरण कुमार रेड्डी, एस. वेंकटेशन और डीन कुरियाकोस शामिल हैं। इन पर लोकसभा नियम 374ए के तहत कार्रवाई की गई है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने निलंबन प्रस्ताव पेश किया, जिसे सदन ने पारित कर दिया।

हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही कई बार स्थगित हुई और अंत में बुधवार सुबह तक के लिए स्थगित कर दी गई। निलंबन के बाद विपक्षी सांसद सदन से बाहर निकले और संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हुईं। विपक्षी सांसदों ने जोरदार नारेबाजी की।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने निलंबन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बेतुका एक्शन है। लोकतंत्र में हर सदस्य को बोलने का हक होना चाहिए और उनकी बातें सुनी जानी चाहिए।

वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने हंगामे की निंदा करते हुए कहा, "आज तो हद हो गई। कोई जनरल सेक्रेटरी की टेबल पर चढ़ गया और डॉक्यूमेंट्स फाड़ दिए। यह एक बुरा रवैया है। शायद ये लोग मानते हैं कि सिर्फ गांधी परिवार के लोग ही राज कर सकते हैं, और चाय बेचने वाले का बेटा कभी राज नहीं कर सकता। अगर सदन को चलना है, तो वह अपने रूल्स और रेगुलेशंस के हिसाब से चलेगा। सदन अनुशासनहीनता से नहीं चलेगा।

यह घटना लोकसभा में राहुल गांधी द्वारा पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरावणे की अप्रकाशित संस्मरण से उद्धरण देने की कोशिश पर विवाद के बाद हुई, जिसके कारण सदन में तनाव बढ़ गया था। विपक्ष ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताया, जबकि सत्ता पक्ष ने इसे सदन की मर्यादा का उल्लंघन करार दिया।