Movie prime

नीतीश के ‘लड़की’ बयान पर बवाल, RJD ने मांगा इस्तीफा, #बेशर्मCM ट्रेंड

 
नीतीश के ‘लड़की’ बयान पर बवाल, RJD ने मांगा इस्तीफा, #बेशर्मCM ट्रेंड
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Patna : बिहार की सियासत में जेडीयू और आरजेडी के बीच तीखी सोशल मीडिया जंग छिड़ गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा सदन में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 'लड़की' कहने पर शुरू हुए विवाद ने अब एक्स (पूर्व ट्विटर) पर नया रूप ले लिया है। RJD ने नीतीश कुमार को 'जिंदा लाश' और '#बेशर्म CM' कहकर हमला बोला, जबकि JDU ने पलटवार में लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को निशाना बनाया। BJP ने JDU का समर्थन करते हुए RJD पर शालीनता की कमी का आरोप लगाया।

RJD का हमला 

आरजेडी की ओर से एक सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम लिए बिना लिखा गया कि जिंदा लाश कुछ समय और अगर गद्दी पर बैठा रहा तो बिहार जिंदा मुर्दा हो जाएगा. #बेशर्म CM। इस पोस्ट ने विवाद को हवा दी। तेजस्वी यादव और रोहिणी आचार्य जैसे RJD नेता पहले ही नीतीश कुमार के बयान पर इस्तीफे की मांग कर चुके हैं। तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार महिलाओं का सम्मान नहीं करते, जबकि रोहिणी ने इसे 'नीचता' बताया।

JDU का तीखा पलटवार

JDU ने RJD के पोस्ट का जवाब देते हुए लिखा कि खुद को गलाकर, बिहार में जान फूंक दिया, नर्क से निकाल, सपनों का बिहार रच दिया. काश ऐसा 'लाश' तुम्हारा बाप भी होता, कम से कम बिहार अपना अस्तित्व तो न खोता. तुम्हारे मां-बाप तो जिंदा थे न? पर स्वार्थ की आग में उन्होंने बिहार जला दिया, खून चूसकर राज्य को जिंदा लाश बना दिया. #9वीं_फेल_लुटेरा। यह पोस्ट लालू प्रसाद और राबड़ी देवी पर सीधा हमला है, जिसमें JDU ने बिहार के विकास में नीतीश कुमार के योगदान को रेखांकित किया।

BJP ने किया JDU का समर्थन

इस जंग में बीजेपी की प्रतिक्रिया भी आई। बिहार BJP के प्रवक्ता नीरज कुमार ने RJD पर हमला बोलते हुए कहा कि आरजेडी के पास न तो कोई मुद्दा बचा है और ना ही शालीन भाषा है। अगर इतनी ही ताकत है तो सदन में बहस करिए, तर्क के साथ अपने शब्दों को रखिए। इस तरह की भाषा का प्रयोग करके बिहार की गरिमा को खराब मत करें। 

नीरज कुमार ने आगे कहा कि RJD सत्ता से बाहर है तो बिहार के विकास को गाली दे रही है। "बेशर्म तो यह लोग हैं। अपने 15 साल के शासन में बिहार को लूटने का काम किया और पूरे सरकारी तंत्र को अपनी निजी तंत्र के लिए उपयोग किया।"

नीतीश कुमार का बयान  

यह विवाद सदन में नीतीश कुमार द्वारा राबड़ी देवी को 'लड़की' कहने से शुरू हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा था कि राबड़ी देवी गरीब महिला थीं और उनके पति लालू प्रसाद के जेल जाने के बाद CM बनीं। इस बयान पर RJD ने नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग की है।