Movie prime

सेना में जाने का सपना होगा आसान : लखनऊ में खुलेगी यूपी की पहली ‘शौर्य अकादमी’, अग्निवीर से NDA तक की तैयारी होगी फ्री

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। सेना, अग्निवीर और सशस्त्र बलों में भर्ती होकर देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ में युवाओं को भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए ‘शौर्य अकादमी’ शुरू की जाएगी। छावनी परिषद प्रशासन राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) के सहयोग से इस अकादमी की स्थापना करेगा। इसके लिए कैंट के रजमन बाजार में जमीन भी चिन्हित कर ली गई है। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में सरकारी स्तर पर इस तरह की यह पहली अकादमी होगी।

शौर्य अकादमी में युवाओं को सिर्फ अग्निवीर भर्ती की तैयारी ही नहीं कराई जाएगी, बल्कि सेना, पुलिस और अन्य सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा की तैयारी के साथ फिजिकल ट्रेनिंग और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा जरूरी मार्गदर्शन मिलेगा। NDA जैसी परीक्षाओं के लिए विशेषज्ञ शिक्षकों की मदद भी ली जाएगी।

अकादमी की खासियत यह होगी कि यहां भर्ती प्रक्रिया के अलग-अलग चरणों की तैयारी एक ही जगह कराई जाएगी। लिखित परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को SSB इंटरव्यू, ग्रुप डिस्कशन और पब्लिक स्पीकिंग जैसी चयन प्रक्रियाओं के लिए भी तैयार किया जाएगा। साथ ही युवाओं के व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष जोर रहेगा।


ट्रेनिंग के साथ हॉस्टल की सुविधा

शौर्य अकादमी में क्लासरूम, ट्रेनिंग ग्राउंड और हॉस्टल जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। खास बात यह है कि युवाओं को यहां प्रशिक्षण के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। सेना से सेवानिवृत्त अधिकारी और अनुभवी प्रशिक्षक युवाओं को प्रशिक्षण देंगे। इससे अभ्यर्थियों को सेना की भर्ती और चयन प्रक्रिया को करीब से समझने का लाभ मिलेगा।

छावनी परिषद के नामित सदस्य प्रमोद शर्मा के मुताबिक, रजमन बाजार में अकादमी के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है। अकादमी की स्थापना को लेकर NSDC और छावनी परिषद प्रशासन के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) भी हो चुका है।


आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को भी मिलेगा मौका

लखनऊ में सेना और अन्य सुरक्षा बलों की भर्ती की तैयारी के लिए कई निजी संस्थान पहले से संचालित हैं, लेकिन सरकारी स्तर पर ऐसी सुविधा उपलब्ध नहीं थी। शौर्य अकादमी के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभावान युवाओं को भी बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिल सकेगा।

अग्निवीर भर्ती को लेकर युवाओं में बढ़ती दिलचस्पी के बीच यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस साल उत्तर प्रदेश के छह सेना भर्ती मुख्यालयों के अंतर्गत आने वाले जिलों से करीब 4.97 लाख अभ्यर्थियों ने अग्निवीर के अलग-अलग पदों के लिए आवेदन किया था।

इनमें सबसे ज्यादा करीब 1.19 लाख आवेदन वाराणसी भर्ती मुख्यालय के तहत आने वाले पूर्वांचल के 12 जिलों से आए। वहीं लखनऊ भर्ती मुख्यालय के अंतर्गत आने वाले जिलों से करीब 54,600 आवेदन हुए। ऐसे में लखनऊ में बनने वाली शौर्य अकादमी बड़ी संख्या में युवाओं के लिए सेना, अग्निवीर, NDA और अन्य सशस्त्र बलों की भर्ती की तैयारी का अहम केंद्र बन सकती है।