Movie prime

74 की उम्र में अभिनेता प्रदीप रावत का निधन, बेटे ने बताया- सिर्फ दो महीने में ब्लड कैंसर ने छीन लिया पिता
 

 
 74 की उम्र में अभिनेता प्रदीप रावत का निधन, बेटे ने बताया- सिर्फ दो महीने में ब्लड कैंसर ने छीन लिया पिता
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

मुंबई: भारतीय सिनेमा के वरिष्ठ अभिनेता प्रदीप रावत का 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके अचानक निधन से फिल्म इंडस्ट्री और प्रशंसकों में शोक की लहर है। मुंबई में अंतिम संस्कार के बाद उनके बेटे विक्रमादित्य ने पिता की बीमारी और अंतिम पलों को लेकर भावुक खुलासा किया। उन्होंने बताया कि महज दो महीने पहले हुए रूटीन मेडिकल चेकअप में सभी रिपोर्ट सामान्य थीं, लेकिन एक दुर्लभ और आक्रामक ब्लड कैंसर ने बेहद कम समय में उनके पिता की जान ले ली।

पेट के संक्रमण समझकर शुरू हुआ इलाज

विक्रमादित्य के अनुसार, शुरुआत में परिवार को लगा कि प्रदीप रावत केवल पेट के सामान्य संक्रमण से पीड़ित हैं। डॉक्टरों ने शुरुआती लक्षणों के आधार पर दवाएं भी दीं, लेकिन इलाज के बावजूद उनकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ। धीरे-धीरे उनकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिवार ने विस्तृत मेडिकल जांच कराने का फैसला किया।

जांच में सामने आया ब्लड कैंसर

मेडिकल रिपोर्ट में अभिनेता का व्हाइट ब्लड सेल (WBC) काउंट सामान्य से काफी अधिक पाया गया। बिगड़ती स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद ही 99 प्रतिशत संभावना ब्लड कैंसर की जताई। अगले ही दिन जांच रिपोर्ट में इस आशंका की पुष्टि हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें ब्लड कैंसर का एक बेहद दुर्लभ और तेजी से फैलने वाला प्रकार था, जिसने बहुत कम समय में शरीर को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया।

अंतिम समय में तेजी से गिरी प्लेटलेट्स

विक्रमादित्य ने बताया कि निधन से कुछ घंटे पहले प्रदीप रावत की प्लेटलेट्स तेजी से गिरने लगी थीं। अंतिम समय में उनकी प्लेटलेट्स घटकर केवल 3,000 रह गई थीं, जिससे उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

फिल्म जगत में शोक

प्रदीप रावत के निधन से फिल्म इंडस्ट्री ने एक अनुभवी कलाकार को खो दिया है। उनके निधन पर कई फिल्मी हस्तियों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। उनके निधन से उनके परिवार के साथ-साथ पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक का माहौल है।