Movie prime

वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन होंगे नए नौसेना प्रमुख, 1 जून से संभालेंगे जिम्मेदारी
 

 
 वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन होंगे नए नौसेना प्रमुख, 1 जून से संभालेंगे जिम्मेदारी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने शनिवार को वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को भारतीय नौसेना का नया प्रमुख नियुक्त किया है। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक मौजूदा नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी 31 मई 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिसके बाद कृष्णा स्वामीनाथन 1 जून से यह जिम्मेदारी संभालेंगे।

वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने 31 जुलाई 2025 को वेस्टर्न नेवल कमांड के 34वें फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। वह 1 जुलाई 1987 को भारतीय नौसेना में कमीशन हुए थे और कम्युनिकेशन एवं इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर के विशेषज्ञ माने जाते हैं।

उन्होंने नेशनल डिफेंस एकेडमी, जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज (यूके), कॉलेज ऑफ नेवल वारफेयर करंजा और यूनाइटेड स्टेट्स नेवल वॉर कॉलेज, न्यूपोर्ट से सैन्य शिक्षा प्राप्त की है।

परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित स्वामीनाथन ने अपने करियर में कई अहम ऑपरेशनल और प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने मिसाइल वेसल INS विद्युत और INS विनाश की कमान संभालने के साथ-साथ मिसाइल कोरवेट INS कुलिश, गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर INS मैसूर और एयरक्राफ्ट कैरियर INS विक्रमादित्य का नेतृत्व भी किया।

रियर एडमिरल बनने के बाद उन्होंने सदर्न नेवल कमांड, कोच्चि में चीफ स्टाफ ऑफिसर (ट्रेनिंग) के रूप में सेवाएं दीं और नौसेना की ट्रेनिंग व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा इंडियन नेवल सेफ्टी टीम के गठन में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा, जो नौसेना की ऑपरेशनल सुरक्षा की निगरानी करती है।

उन्होंने फ्लैग ऑफिसर सी ट्रेनिंग और वेस्टर्न फ्लीट के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य किया। बाद में उन्हें फ्लैग ऑफिसर ऑफशोर डिफेंस एडवाइजरी ग्रुप और भारत सरकार में एडवाइजर, ऑफशोर सिक्योरिटी एंड डिफेंस नियुक्त किया गया।

वाइस एडमिरल के पद पर पदोन्नति के बाद उन्होंने वेस्टर्न नेवल कमांड के चीफ ऑफ स्टाफ, नेवल हेडक्वार्टर में कंट्रोलर ऑफ पर्सनल सर्विसेज और चीफ ऑफ पर्सनल के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई। मौजूदा नियुक्ति से पहले वह नेवल हेडक्वार्टर में वाइस चीफ ऑफ नेवल स्टाफ के पद पर कार्यरत थे।