Movie prime

तमिलनाडु में विजय सरकार का आगाज, C. Joseph Vijay ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

तमिलनाडु में TVK चीफ सी. जोसेफ विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर नई सरकार की शुरुआत कर दी। बहुमत के लिए जरूरी समर्थन जुटाने को लेकर कई दिनों तक सियासी ड्रामा चला। आखिरकार कांग्रेस, लेफ्ट पार्टियों, VCK और IUML के समर्थन से विजय सरकार का गठन हो गया।

 
तमिलनाडु में विजय सरकार
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Joseph Vijay Oath Ceremony: तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को नया अध्याय जुड़ गया, जब टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में विजय ने तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। इस ऐतिहासिक मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

शपथ ग्रहण से पहले विजय ने शनिवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर 121 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा था। तमिलनाडु विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता थी, जिसे टीवीके ने सहयोगी दलों के साथ मिलकर हासिल कर लिया।
121 विधायकों के समर्थन से बनी सरकार


विजय की पार्टी TVK को कुल 108 विधायकों का समर्थन हासिल था। इसके अलावा कांग्रेस के 5 विधायक, CPI और CPI(M) के 2-2 विधायक उनके साथ आए। बाद में VCK और IUML ने भी अपने 2-2 विधायकों का समर्थन देकर विजय की राह आसान कर दी। बहुमत का आंकड़ा पार होने के बाद राज्यपाल ने विजय को सरकार बनाने का न्योता दिया। राज्यपाल से आमंत्रण मिलने के बाद चेन्नई समेत तमिलनाडु के कई हिस्सों में समर्थकों ने जश्न मनाया। पार्टी कार्यालयों के बाहर आतिशबाजी और मिठाइयों का दौर चलता रहा।

4 मई से 9 मई तक चला सियासी सस्पेंस

हालांकि मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने का विजय का सफर आसान नहीं रहा। विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद तमिलनाडु में कई दिनों तक राजनीतिक हलचल बनी रही। 6 मई को विजय पहली बार कांग्रेस के पांच विधायकों के समर्थन के साथ राज्यपाल से मिले थे, लेकिन बहुमत से कम संख्या होने के कारण उन्हें इंतजार करने को कहा गया।

इसके बाद 7 मई को लेफ्ट पार्टियों के समर्थन के साथ विजय ने दोबारा राज्यपाल से मुलाकात की, लेकिन तब भी जरूरी आंकड़ा पूरा नहीं हो पाया। 8 मई को TVK ने VCK के समर्थन का दावा किया, मगर देर रात तक औपचारिक पुष्टि नहीं होने से मामला फिर अटक गया। आखिरकार 9 मई को IUML और VCK ने आधिकारिक तौर पर समर्थन दे दिया, जिसके बाद विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया।

रील लाइफ के हीरो से रियल लाइफ के मुख्यमंत्री बने विजय

फिल्मी दुनिया में ‘थलापति’ के नाम से मशहूर विजय अब तमिलनाडु की राजनीति में भी बड़ी ताकत बनकर उभरे हैं। लंबे समय तक सिनेमा के जरिए लोगों के बीच लोकप्रिय रहे विजय ने अब सत्ता की राजनीति में भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा दी है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विजय का मुख्यमंत्री बनना तमिलनाडु की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है। आने वाले दिनों में उनकी सरकार की नीतियों और फैसलों पर पूरे देश की नजर रहेगी।