Movie prime

विजय के पास बहुमत का आंकड़ा पूरा, कांग्रेस समेत कई दलों का मिला समर्थन
 

 
 विजय के पास बहुमत का आंकड़ा पूरा, कांग्रेस समेत कई दलों का मिला समर्थन
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

चेन्नई I तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) प्रमुख विजय शुक्रवार शाम राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि यह बैठक राज्य में सरकार गठन को लेकर जारी गतिरोध खत्म करने और बहुमत का दावा पेश करने के लिहाज से बेहद अहम होगी।

सूत्रों के अनुसार, विजय को अब सरकार बनाने के लिए जरूरी समर्थन मिल गया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस की पांच सीटों के साथ-साथ वीसीके, सीपीएम और सीपीआई के दो-दो विधायकों का समर्थन भी टीवीके को हासिल हो गया है। इन दलों के समर्थन से विजय ने बहुमत के लिए जरूरी 118 सीटों का आंकड़ा छू लिया है।

राज्यपाल आरवी आर्लेकर के साथ विजय की यह तीसरी मुलाकात होगी। इससे पहले बुधवार और गुरुवार को भी दोनों नेताओं के बीच बैठक हुई थी। हालांकि, दोनों बार राज्यपाल ने विजय के दावे को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि उनके पास सदन में बहुमत साबित करने के लिए पर्याप्त समर्थन नहीं है।

गौरतलब है कि विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया। पार्टी ने अपने पहले ही चुनाव में 234 में से 107 सीटें जीतकर तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया। इसके साथ ही डीएमके और एआईएडीएमके के 62 साल पुराने राजनीतिक वर्चस्व को भी बड़ा झटका लगा है।

कांग्रेस ने सबसे पहले डीएमके से अलग होकर विजय को समर्थन देने का ऐलान किया था। इसके बाद अन्य सहयोगी दलों को भी टीवीके के समर्थन में लाने की कोशिशें तेज हो गईं। वहीं, टीवीके की ओर से भी लगातार समर्थन जुटाने के प्रयास किए जा रहे थे।