Movie prime

हम अलग नहीं रह सकते थे... तीन बहनों ने एक ही युवक संग लिए सात फेरे, वीडियो वायरल

 
हम अलग नहीं रह सकते थे... तीन बहनों ने एक ही युवक संग लिए सात फेरे, वीडियो वायरल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय स्तर तक चर्चा छेड़ दी है। गंगा किनारे स्थित एक गांव की तीन बहनों ने एक ही युवक से शादी करने का दावा किया है। नगर के प्रसिद्ध चामुंडा मंदिर में हुई इस कथित शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में दो सगी और एक चचेरी बहन अपने कथित पति के साथ बैठी दिखाई दे रही हैं। तीनों बहनें इंस्टाग्राम और फेसबुक पर सक्रिय हैं। वीडियो में एक युवती बताती है कि उनके पिता ने एक बहन का रिश्ता तय किया था, लेकिन तीनों बहनों के बीच इतना गहरा लगाव था कि वे एक-दूसरे से अलग नहीं रहना चाहती थीं।

युवतियों का कहना है कि उन्होंने अपने पिता से ऐसा परिवार तलाशने की बात कही थी, जहां तीन भाई हों और तीनों की शादी एक ही परिवार में हो सके। जब ऐसा संभव नहीं हो पाया और अलग होने की स्थिति बनी, तो उन्होंने आत्महत्या तक करने का विचार बना लिया था। इसी दौरान हसनपुर क्षेत्र के एक युवक ने उन्हें ऐसा कदम उठाने से रोका और उनका साथ दिया। इसके बाद तीनों ने उसी युवक को अपना पति स्वीकार कर लिया।

बताया जा रहा है कि 15 जुलाई को नगर के चामुंडा मंदिर में बिना किसी रिश्तेदार की मौजूदगी में यह कथित विवाह संपन्न हुआ। मंगलवार शाम यह अनोखा जोड़ा नगर पालिका अध्यक्ष राजपाल सैनी के आवास भी पहुंचा, जहां पालिका अध्यक्ष की पत्नी ने तीनों बहनों के साथ एक रील बनाई। इसके बाद यह मामला सोशल मीडिया पर और अधिक चर्चा का विषय बन गया।

स्थानीय स्तर पर शुरू हुआ विरोध

जहां एक ओर इस अनोखी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर इसका विरोध भी शुरू हो गया है। व्यापारी नेता मुकेश गुप्ता ने इस विवाह पर आपत्ति जताते हुए इसे सनातन धर्म की परंपराओं के विपरीत बताया है।

उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में एक से अधिक विवाह की अनुमति नहीं है और एक साथ तीन बहनों से विवाह करना सामाजिक और धार्मिक मान्यताओं के खिलाफ है। उन्होंने इस तरह की व्यवस्था का विरोध करने की बात कही।

पुलिस ने क्या कहा?

हसनपुर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) पंकज कुमार त्यागी ने कहा कि इस मामले में अब तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा, "यदि कोई शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कराकर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।"